होंडा कार्स इंडिया अपनी लोकप्रिय एसयूवी Elevate का अपडेटेड वर्जन जल्द ही भारतीय बाजार में लॉन्च करने वाली है। कंपनी ने नई Honda Elevate Facelift की प्री-लॉन्च बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक इसे ऑथराइज्ड Honda डीलरशिप पर 21,000 रुपये की राशि देकर बुक कर सकते हैं। नई Elevate को सबसे पहले भारत में पेश किया जाएगा और इसकी आधिकारिक लॉन्चिंग 6 अक्टूबर 2026 को होगी।
Honda Elevate Facelift 6 अक्टूबर को होगी लॉन्च
नई Honda Elevate Facelift में डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी ने इसका टीजर भी जारी किया है, जिसमें एसयूवी के अपडेटेड फ्रंट डिजाइन की झलक मिली है।
मिलेगा नया LED लाइटिंग सेटअप
फेसलिफ्ट मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव इसके नए LED लाइटिंग सेटअप के रूप में देखने को मिलेगा। टीजर में फ्रंट के ऊपरी हिस्से में हॉरिजॉन्टल LED लाइटिंग सिग्नेचर दिखाई देता है। दोनों तरफ से आने वाले रोशन LED एलिमेंट्स बीच की तरफ बढ़ते हैं, जिससे एसयूवी को पहले से ज्यादा आधुनिक लुक मिलता है।
मौजूदा Elevate में LED हेडलैंप के साथ DRLs लैम्प यूनिट में ही दिए गए हैं। वहीं, फेसलिफ्ट मॉडल में नया लाइटिंग डिजाइन इसे मौजूदा मॉडल से अलग पहचान देगा। हालांकि, टीजर में ग्रिल और बंपर को पूरी तरह नहीं दिखाया गया है। माना जा रहा है कि इनमें भी बदलाव किए जा सकते हैं। इसके अलावा नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी मिल सकते हैं।
केबिन में मिलेंगे बड़े अपडेट
केबिन में भी महत्वपूर्ण अपडेट मिलने की उम्मीद है। सबसे बड़ा बदलाव 10.25-इंच के बड़े इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन के तौर पर हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका हार्डवेयर अपडेटेड Honda City से लिया जा सकता है।
डैशबोर्ड का बेसिक लेआउट मौजूदा मॉडल जैसा रह सकता है, लेकिन नए अपहोल्स्ट्री, इंटीरियर कलर और ट्रिम फिनिश के जरिए केबिन को ज्यादा प्रीमियम बनाया जा सकता है।
मिलेंगी फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स
नई Elevate में फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स भी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल ऐसे फीचर्स को एक्सेसरीज के जरिए लेने का विकल्प मिलता है, लेकिन फेसलिफ्ट में इन्हें फैक्ट्री-फिटेड फीचर के तौर पर पेश किया जा सकता है। इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा भी जोड़ा जा सकता है। इससे पार्किंग और तंग जगहों पर कार को मोड़ने में ड्राइवर को मदद मिलेगी।
Honda Sensing में भी हो सकता है बदलाव
मौजूदा Elevate में Honda Sensing ADAS पैकेज मिलता है, जिसमें Collision Mitigation Braking System, Adaptive Cruise Control, Lane Keeping Assist System और Road Departure Mitigation जैसे फीचर्स शामिल हैं। फेसलिफ्ट में इस सेफ्टी पैकेज के कुछ फंक्शन्स को अपडेट किए जाने की उम्मीद है।
