Honda अपनी पॉपुलर मिड-साइज SUV Elevate को बड़ा अपडेट देने की तैयारी कर रही है। हाल ही में Honda Elevate Facelift को पहली बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च टाइमलाइन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन टेस्टिंग मॉडल और Honda City Facelift में दिए गए फीचर्स को देखते हुए माना जा रहा है कि नई Elevate कई बड़े अपडेट्स के साथ बाजार में दस्तक दे सकती है। आइए जल्दी से Honda Elevate Facelift के एक्सपेक्टेड फीचर्स पर एक नजर डाल लेते हैं-
Honda Elevate Facelift में मिल सकते हैं ये पांच बड़े अपडेट (Photo: honda car india)
360-डिग्री कैमरा सिस्टम
सबसे बड़ा बदलाव 360-डिग्री कैमरा सिस्टम के रूप में देखने को मिल सकता है। मौजूदा Honda Elevate में यह फीचर उपलब्ध नहीं है, जबकि Hyundai Creta और Kia Seltos जैसे प्रतिद्वंद्वी काफी समय से इसे ऑफर कर रहे हैं। Honda City Facelift में यह फीचर शामिल किया जा चुका है और माना जा रहा है कि Elevate Facelift में भी इसे जोड़ा जाएगा।
हाइब्रिड तकनीक
नई Elevate में हाइब्रिड तकनीक मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल यह SUV केवल 1.5-लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और CVT गियरबॉक्स विकल्प में आती है। Honda पहले से भारत में City e:HEV स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल बेच रही है, इसलिए कंपनी के पास यह तकनीक मौजूद है। अगर Elevate Facelift में e:HEV हाइब्रिड पावरट्रेन शामिल किया जाता है, तो यह SUV अपने सेगमेंट में एक मजबूत पहचान बना सकती है।
अपग्रेडेड इंटीरियर
इस मॉडल के इंटीरियर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। वर्तमान मॉडल के लोअर वेरिएंट्स में 8-इंच और टॉप वेरिएंट्स में 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। हालांकि यह आकार प्रतिस्पर्धियों की तुलना में छोटा माना जाता है। Hyundai Creta पहले से 10.25-इंच डिस्प्ले ऑफर करती है। ऐसे में नई Elevate में बड़ा टचस्क्रीन सिस्टम दिए जाने की संभावना है।
डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर
Honda Elevate Facelift में पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान देखे गए मॉडल में डैशबोर्ड डिजाइन में बदलाव के संकेत मिले हैं। Honda City Facelift में कंपनी पहले ही सेमी-डिजिटल यूनिट की जगह फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दे चुकी है।
वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स
एक और महत्वपूर्ण अपडेट वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स हो सकती हैं। मौजूदा Elevate के टॉप वेरिएंट में हीटेड रियर सीट्स तो मिलती हैं, लेकिन वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स नहीं दी गई हैं। Honda City Facelift में इस फीचर को शामिल किया गया है और अब उम्मीद है कि Elevate Facelift में भी इसे जोड़ा जाएगा।
