Emergency Car Breakdown Tips: कार भले ही एक बेहतरीन सुविधा है, लेकिन अगर कार की सही तरीके से देखभाल न की जाए तो आपकी यही कार बीच सड़क पर खराब होकर आपके लिए एक बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है। हालांकि हर बार गाड़ी खराब होने की स्थिति को पहले से पूरी तरह रोका नहीं जा सकता, लेकिन नियमित जांच और समय पर सर्विसिंग करवाकर इसके होने की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह स्थिति तब और ज्यादा खतरनाक हो जाती है जब आपकी गाड़ी किसी हाईवे के मोड़ के तुरंत बाद या ऐसी सड़क पर खराब हो जाए जहां सर्विस लेन न हो। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहनों से टकराने का खतरा बढ़ जाता है। इस आर्टिकल में आपको यही बताने जा रहे हैं कि बीच रास्ते में कार खराब होने पर आपको इस स्थिति से कैसे निपटना चाहिए-
बीच रोड़ में गाड़ी खराब हो जाए तो क्या करें (Photo: iStock)
कार को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं
कार का बीच सड़क पर अचानक खराब हो जाना किसी भी ड्राइवर के लिए तनावपूर्ण स्थिति हो सकती है। ऐसे समय में सबसे पहले आपको घबराने की बजाय शांत रहना चाहिए। अगर संभव हो तो अपनी कार को धीरे-धीरे सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर ले जाएं, ताकि ट्रैफिक में बाधा न आए और दुर्घटना का खतरा कम हो।
हैजर्ड लाइट्स और चेतावनी संकेत
जैसे ही कार रुक जाए तुरंत हैजर्ड लाइट्स (आपातकालीन लाइट) ऑन कर दें ताकि पीछे आने वाले वाहनों को आपकी स्थिति का अंदाजा हो सके। इसके साथ ही, कार के पीछे लगभग 10-45 मीटर की दूरी पर रिफ्लेक्टिव ट्रायंगल या अन्य चेतावनी संकेत लगाना बेहद जरूरी है।
रोडसाइड असिस्टेंस से संपर्क
सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद तुरंत अपने वाहन निर्माता या इंश्योरेंस कंपनी की रोडसाइड असिस्टेंस (RSA) सेवा से संपर्क करें। यह सेवा 24×7 उपलब्ध होती है और आपकी मदद के लिए विशेषज्ञ तकनीशियन भेजती है। वे छोटी-मोटी समस्याओं को मौके पर ही ठीक कर सकते हैं या जरूरत पड़ने पर कार को टो करके सर्विस सेंटर ले जाते हैं।
सुरक्षा के लिए कार के अंदर रहें
अगर आपकी कार ऐसी जगह पर खराब हुई है जहां ट्रैफिक बहुत ज्यादा है तो बेहतर है कि आप कार के अंदर ही रहें और बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलने की स्थिति में केवल सुरक्षित साइड से ही उतरें और ट्रैफिक से दूर खड़े रहें।
समस्या का अंदाजा लगाएं
अगर आप जान सकें कि समस्या क्या है, जैसे बैटरी, फ्यूल या इंजन से जुड़ी समस्या, तो यह जानकारी मैकेनिक को देने में मददगार होगी। इससे सहायता जल्दी और सटीक मिलती है।
नियमित सर्विस करवाएं
कार के अचानक खराब होने से बचने के लिए नियमित सर्विस और मेंटेनेंस बहुत जरूरी है। समय पर बैटरी, टायर, इंजन ऑयल और अन्य जरूरी हिस्सों की जांच करवाते रहें, ताकि ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
