New Bajaj Pulsar N150: बजाज ऑटो बहुत जल्द भारत में पल्सर एन150 लॉन्च करने वाली है और इसे टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है. ताजा स्पाय शॉट्स को देखकर समझ आता है कि नई पल्सर एन150 बहुत कुछ इसके ज्यादा दमदार मॉडल्स एन160 और एन250 जैसी दिखती है. हालांकि इन दो मॉडल्स के मुकाबले नई पल्सर एन150 की कीमत कम होगी. कंपनी कीमत कम रखने के लिए बाइक के साथ एलईडी हेडलैंप की जगह हेलोजन हेडलैंप देगी जिसकी डिजाइन समान रखी जा सकती है. इसके अलावा नई बाइक के साथ एन160 जैसा अंडर बेली एग्ज्हॉस्ट मिल सकता है और पिछला हिस्सा एलईडी टेललैंप के साथ आएगा.
नए मॉडल के साथ पल्सर एन160 के इंजन का कम दमदार वर्जन पेश किया जा सकता है.
कितना दमदार होगा इंजन?
नए मॉडल के साथ पल्सर एन160 के इंजन का कम दमदार वर्जन पेश किया जा सकता है. मौजूदा पल्सर 150 में लगा इंजन 14 पीएस पावर और 13.2 एनएम पीक टॉर्क क्षमता वाला है, वहीं बजाज पल्सर एन160 में लगा इंजन 16 पीएस ताकत और 14.65 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. कयास लगाए जा रहे हैं कि नई पल्सर एन150 की कीमत स्टैंडर्ड पल्सर 150 जितनी ही होगी, हालांकि इसके इंजन को ज्यादा स्मूद और दमदार बनाया जा सकता है.
मिलेंगे पैसा वसूल फीचर्स
नई जनरेशन बजाज पल्सर एन150 के साथ बहुत सारे फीचर्स तो नहीं मिलने वाले, लेकिन जितने मिलेंगे वो पैसा वसूल होंगे. यहां ग्राहकों को डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ टेकोमीटर और बिना स्टिकर्स की डिजाइन मिलने की संभावना है. बजाज इस बाइक के साथ बैकलिट स्विचगियर और सेल्फ केंसिलिंग टर्न इंडिकेटर्स भी दे सकती है. बाइक के साथ यूएसबी पोर्ट भी मिल सकती है ताकि आप अपना मोबाइल चार्ज कर सकें.
ब्रेकिंग में जोरदार होगी बाइक
पल्सर एन150 को उसी प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है जिसपर एन160 बनी है. नई बाइक के टॉप मॉडल के अगले और पिछले पहियों में डिस्क ब्रेक्स दिए जाएंगे, वहीं बाकी मॉडल्स को पिछले पहिये में ड्रक ब्रेक मिलने वाला है. दोनों वेरिएंट्स के साथ सामान्य रूप से सिंगल चैनल एबीएस दिया जाएगा. नई पल्सर एन150 के अगले हिस्से में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पिछले हिस्से में मोनोशॉक सस्पेंशन दिए जाने वाले हैं.
