भारत एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी ऑटोमोबाइल और नई टेक्नोलॉजी की ताकत दिखाने के लिए तैयार है। देश में जल्द ही Bharat Mobility Global Auto Expo 2027 का आयोजन होने जा रहा है। इस बड़े इवेंट में देश-विदेश की कई ऑटोमोबाइल कंपनियां हिस्सा लेंगी। यहां नई कारों, बाइक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV), बैटरी, टायर और ऑटोमोबाइल से जुड़ी आधुनिक तकनीक देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि इस बार सिर्फ गाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में सफर को आसान और बेहतर बनाने वाली तकनीकों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
ऑटो एक्स्पो में कई सारी नई गाड़ियों की लॉन्चिंग भी हो सकती है।
Bharat Mobility Global Auto Expo 2027 का तीसरा एडिशन 4 फरवरी से शुरू होगा और 9 फरवरी तक चलेगा। इस इवेंट का आयोजन दिल्ली के भारत मंडपम और द्वारका स्थित यशोभूमि में किया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के मुताबिक, यह आयोजन भारत को ग्लोबल ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मौका देगा।
50 से ज्यादा देश होंगे शामिल
इस बार का आयोजन काफी बड़े स्तर पर होने वाला है। इसमें 50 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, 1,750 से ज्यादा कंपनियां और प्रदर्शक अपने प्रोडक्ट और नई टेक्नोलॉजी पेश करेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस इवेंट में 10 लाख से ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं। करीब 2.5 लाख वर्ग मीटर से ज्यादा के एग्जीबिशन एरिया में 11 अलग-अलग शो आयोजित किए जाएंगे।
भारत मंडपम में Auto Expo-The Motor Show 2027 के साथ इंडिया इंटरनेशनल टायर शो, भारत बैटरी शो, इंडिया साइकिल शो और मोबिलिटी टेक पैवेलियन जैसे आयोजन होंगे। यहां लोगों को नई कारों, बाइक्स, बैटरी और वाहनों से जुड़ी तकनीक देखने का मौका मिलेगा।
वहीं, यशोभूमि में भी कई खास इवेंट आयोजित होंगे। इनमें कंपोनेंट्स एंड टेक्नोलॉजी शो, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट एक्सपो, एग्री मोबिलिटी एक्सपो, एयर मोबिलिटी एक्सपो और मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिट एक्सपो शामिल हैं।
2027 ऑटो एक्स्पो की थीम
इस बार इवेंट की थीम 'Smarter Mobility for a Better Tomorrow' रखी गई है। इसका मतलब है कि भविष्य में सफर को ज्यादा स्मार्ट, सुरक्षित और आसान बनाना। इसमें इलेक्ट्रिक गाड़ियों, बेहतर बैटरी, नई ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी और शहरों में सफर के आधुनिक तरीकों पर खास चर्चा होगी। कुल मिलाकर Auto Expo 2027 सिर्फ नई गाड़ियों का शो नहीं होगा, बल्कि यह भारत के भविष्य के ट्रांसपोर्ट और ऑटोमोबाइल सेक्टर की एक बड़ी झलक पेश करेगा।
