Mukhyamantri Kisan Samman Nidhi Yojana: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार(18 अक्टूबर 2025) को भरतपुर जिले के नदबई में एक राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की चौथी किस्त के तहत करीब 72 लाख किसानों को लगभग 718 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। उन्होंने कहा कि अन्नदाता शब्द किसानों की समाज में प्रतिष्ठा और सम्मान को दर्शाता है। जब हमारे किसान खुशहाल होते हैं, तो राज्य और देश भी समृद्ध होता है।
राजस्थान में किसानों की बल्ले-बल्ले, सम्मान निधि की चौथी किस्त खाते में ट्रांसफर (तस्वीर-istock)
राजस्थान सरकार की अतिरिक्त सहायता
राजस्थान सरकार की ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत किसानों को केंद्र की ₹6,000 वार्षिक सहायता के अतिरिक्त ₹3,000 की राशि दी जा रही है। अब तक इस योजना के तहत राज्य के 70 लाख से अधिक किसानों को ₹1,355 करोड़ से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
बढ़ी सहायता राशि, किसानों को अब हर साल मिलेंगे 9000 रुपये
राज्य के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री ने बताया कि राजस्थान सरकार ने 30 जून 2024 को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की थी, जिससे किसानों को मिलने वाली वार्षिक सहायता राशि ₹6,000 से बढ़ाकर ₹8,000 कर दी गई। अब सरकार की योजना है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 से यह राशि और बढ़ाकर ₹9,000 प्रतिवर्ष कर दी जाए। उन्होंने बताया कि राजस्थान के किसानों को अब केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल के तहत पारदर्शी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) प्रणाली के जरिये यह सहायता राशि सीधे उनके खातों में दी जाएगी।
केंद्र और राज्य मिलकर कर रहे हैं रिकॉर्ड मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर किसानों को ₹8,386 करोड़ से अधिक की सहायता राशि दी है, जिसे उन्होंने रिकॉर्ड राशि बताया।
किसानों को राष्ट्र निर्माता बताया
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भरतपुर जिले के नदबई में एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान किसानों को राष्ट्र निर्माता और भारत की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि हमारे थालियों में जो अन्न आता है, वह किसानों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
दोगुनी ताकत से काम कर रही है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार किसानों की भलाई के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत राजस्थान के किसानों को पिछले डेढ़ साल में ₹7,031 करोड़ से अधिक की राशि मिल चुकी है।
पीएम धन धान्य कृषि योजना में राजस्थान के 8 जिले शामिल
कार्यक्रम में उन्होंने ‘प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना’ का भी उल्लेख किया और इसे प्रधानमंत्री की कृषि के प्रति दूरदृष्टि का प्रतीक बताया। इस योजना के तहत राजस्थान के आठ जिलों बाड़मेर, जैसलमेर, नागौर, जोधपुर, बीकानेर, पाली, जालोर और चूरू को देशभर के 100 जिलों में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंत में कहा कि किसानों की समृद्धि ही राज्य की समृद्धि का आधार है और सरकार उनके लिए हरसंभव सहायता प्रदान करती रहेगी।
