Coriander Farming : अगर आप कम दिनों में अच्छी कमाई वाली फसल लगाना चाहते हैं, तो हरा धनिया आपके लिए बहुत अच्छा काम कर सकता है। घर के खाने से लेकर होटल और ढाबों तक, हर जगह हरे धनिये की जरुरत साल भर बनी रहती है। सब्जी, दाल या चटनी में डलते ही इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें ज्यादा दिन इंतजार नहीं करना पड़ता। सही देखभाल मिले तो करीब 40 से 45 दिन में ही धनिया कटने के लिए तैयार हो जाता है। आप चाहें तो खेती करके आप कम समय में अच्छी आमदनी कमा सकते हैं। साथ ही, जो लोग घर की छत या आंगन में थोड़ा धनिया उगाना चाहते हैं, वे गमले या ग्रो बैग में भी इसे आसानी से लगा सकते हैं।
कम समय में धनिया की खेती करने का तरीका जानें
खेती से हो सकता है अच्छा फायदा
हरे धनिये की मांग बाजार में करीब सालों बर बनी रहती है। सर्दियों का मौसम इसकी खेती के लिए सबसे बढ़िया माना जाता है, क्योंकि इस समय बीज जल्दी उगते हैं और पौधे भी तेजी से बढ़ते हैं। किसान चाहें तो गेहूं या सरसों जैसी फसलों के साथ भी धनिया लगाकर अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं। कम समय में फसल तैयार होने के कारण पैसा जल्दी हाथ में आ जाता है। हालांकि, कितना मुनाफा होगा, यह मंडी के भाव, फसल की पैदावार और खेती में लगे खर्च पर निर्भर करता है।
सही बीज और किस्म का चुनाव
अच्छी फसल के लिए सही किस्म का बीज चुनना बहुत जरूरी है। अगर आप मुख्य रूप से हरी पत्तियों के लिए धनिया बो रहे हैं, तो ऐसी किस्म लें जिसकी पत्तियां जल्दी और घनी बढ़ें। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरी पत्तियों के लिए RCR-41 किस्म अच्छी मानी जाती है। पंत हरितमा ऐसी किस्म है, जिससे हरी पत्तियां और धनिया के दाने दोनों लिए जा सकते हैं। इसके अलावा अजमेर धनिया-1, अजमेर धनिया-2 और अर्का ईशा जैसी किस्में भी लगाई जा सकती हैं। अपने इलाके के मौसम, मिट्टी और पास की मंडी की पसंद को देखकर ही बीज चुनें। बुवाई से पहले किसी कृषि जानकार या सलाह केंद्र से बात कर लेना भी फायदेमंद रहता है।
खेत या गमले की तैयारी कैसे करें
धनिये के लिए ऐसी मिट्टी चाहिए जो भुरभुरी हो और जिसमें पानी न रुके। अगर खेत में पानी भर जाता है, तो पौधों की बढ़वार रुक सकती है। इसलिए बुवाई से पहले खेत की अच्छी तरह जुताई करें और मिट्टी को नरम बना लें। खेत तैयार करते समय अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाने से मिट्टी की ताकत बढ़ती है। अगर आप गमले या ग्रो बैग में धनिया लगा रहे हैं, तो कम से कम 6 इंच गहरा बर्तन लें। गमले की मिट्टी भी हल्की और भुरभुरी रखें तथा उसमें गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिला दें, ताकि पौधों को जरूरी ताकत मिल सके।
बीज बोने का सही तरीका
धनिया बोने से पहले बीजों को हल्का रगड़कर दो हिस्सों में बांट लें। ऐसा करने से बीज जल्दी और अच्छे से अंकुरित होते हैं। खेत में बुवाई की मात्रा किस्म, मिट्टी और बोने के तरीके के हिसाब से बदल सकती है, लेकिन हरी पत्तियों के लिए आमतौर पर एक हेक्टेयर में करीब 18 से 20 किलो बीज की जरूरत पड़ती है। गमले में बोना हो, तो उंगली या पेंसिल से हल्के छेद बनाएं या करीब आधा इंच गहरी लाइन खींच लें। बीजों को डालकर ऊपर से हल्की मिट्टी से ढक दें और फिर हल्का पानी दें।
40 से 45 दिन में कटाई और देखभाल
बोने के बाद से लेकर कटाई तक मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन खेत या गमले में पानी जमा न होने दें। ज्यादा पानी देने से बीज और जड़ें खराब हो सकती हैं। समय-समय पर खेत से खरपतवार निकालते रहें, ताकि धनिया के पौधों को पूरी खाद, पानी और बढ़ने की जगह मिल सके। आमतौर पर 40 से 45 दिन में हरा धनिया काटने लायक हो जाता है। अच्छी देखभाल और सही मौसम मिलने पर एक हेक्टेयर से करीब 50 से 60 क्विंटल हरा धनिया निकल सकता है। असली पैदावार मिट्टी, मौसम, किस्म और देखभाल के तरीके पर कम या ज्यादा हो सकती है।
मुनाफा बढ़ाने के आसान उपाय
खेती शुरू करने से पहले अपने आसपास की मंडियों में यह पता कर लें कि धनिया किस भाव बिक रहा है और वहां कैसी मांग है। सही समय पर बुवाई, अच्छा बीज और संतुलित पानी देने से धनिया की क्वालिटी अच्छी रहती है। कटाई के बाद धनिया जल्दी खराब हो सकता है, इसलिए इसे ताजा बनाए रखें और समय पर मंडी पहुंचाएं। पहले से ही मंडी के आढ़तियों, व्यापारियों या थोक खरीदारों से बात करके रखेंगे, तो फसल बेचने में आसानी होगी और नुकसान का खतरा भी कम रहेगा।
