India Finland Ties: भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनन के बीच बातचीत से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों के बीच फिनलैंड में एक कार्यक्रम के दौरान एक मजेदार पल दिखाई दिया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनन
जमकर लगे ठहाके
दरअसल, एलिना वाल्टोनन के एक बयान पर जयशंकर ने ऐसा जवाब दिया कि कार्यक्रमस्थल ठहाकों से गूंज उठा। इस हल्के-फुल्के पल का वीडियो अब इंटरनेट पर छाया हुआ है और सोशल मीडिया यूजर्स जयशंकर के मजाकिया अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
कार्यक्रम में बातचीत के दौरान, जयशंकर ने बताया कि यहां आने से पहले वो और वाल्टोनेन किसी मुद्दे पर बात कर रहे थे। जैसे ही जयशंकर ने ये बात कही तो वाल्टोनेन ने तुरंत ही कहा, ''हमें कई डील साइन की...''। वाल्टोनेन का यह जवाब सुनकर जयशंकर पहले मुस्कुराए और फिर उन्होंने कहा, ''आपको ऐसा नहीं कहना चाहिए...।''
वाल्टोनेन का रिएक्शन हो रहा वायरल
जयशंकर का जवाब सुनकर वाल्टोनेन ने जो रिएक्शन दिया, वो अब वायरल हो रहा है। जैसे ही जयशंकर ने कहा कि आपको ऐसा नहीं कहना चाहिए... तो वाल्टोनेन ने चौंकने वाला मुंह बनाया और कार्यक्रमस्थल पर ठहाके लगने लगे। साथ ही दोनों नेता भी अपनी हंसी रोक नहीं पाए।
पश्चिमी देशों को जयशंकर का करारा जवाब
इसके अतिरिक्त, जयशंकर ने रूस से तेल खरीद को लेकर पश्चिम देशों की आलोचनाओं पर तीखा जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को लागत और उपलब्धता के आधार पर पूरा करता है और इस मामले में पश्चिम देशों का रवैया विरोधाभासी रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जिनेवा जाकर थमेगा US-ईरान युद्ध? जल्द ऐतिहासिक डील होने की संभावना; फिर खुल सकता है होर्मुज
कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार ने भारत पर रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रुख अपनाने और रूसी तेल खरीदने का जब आरोप लगाया तो जयशंकर ने कहा, ''जब वैश्विक बाजार में रूसी तेल उपलब्ध था और यूरोपीय देश मध्य-पूर्व से बड़े पैमाने पर तेल खरीद रहे थे, तब परिस्थितियों ने भारत को रूस से तेल खरीदने की दिशा में आगे बढ़ाया।''
उन्होंने कहा, ''हम तेल की खरीद कीमत और उपलब्धता के आधार पर करते हैं। उस समय बाजार में सबसे अधिक उपलब्ध तेल रूस का था, क्योंकि यूरोपीय देश हमारे पारंपरिक आपूर्तिकर्ताओं से तेल खरीद रहे थे। ऐसे में हालात ने हमें एक निश्चित दिशा में जाने के लिए मजबूर किया।''
