बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मोहम्मद यूनुस इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं। शेख हसीना सरकार के पतन के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। यहां न्यूयॉर्क के JFK एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी प्रवासियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर तीखे आरोप लगाए। इस दौरान बांग्लादेशी प्रवासियों ने उन्हें आतंकवादी और हत्यारा तक कार दिया। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने उन्हें बांग्लादेश में 10 लाख लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया।
वहीं, बांग्लादेश सरकार ने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सूचना एवं संचार सलाहकार जाहेद उर रहमान ने मंगलवार को कहा कि ढाका उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा,जिन्होंने न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर यूनुस का सामना किया था।
'तुम आतंकवादी हो, बांग्लादेश में लोगों को मरवाया'
सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो वायरल हुए हैं। इसमें एक व्यक्ति यूनुस से कहता सुनाई देता है,'तुम आतंकवादी हो। तुमने बांग्लादेश में लोगों को मरवाया। यहां क्यों आए हो?बताओ,यहां क्यों आए हो?'कुछ अन्य लोग भी उनके खिलाफ नारे लगाते हुए उन्हें वापस जाने के लिए कहते दिखाई देते हैं।बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार,यूनुस दोहा से कतर एयरवेज की उड़ान से न्यूयॉर्क पहुंचे थे। इसके बाद टर्मिनल-8 पर यह घटना हुई। वीडियो में सुरक्षाकर्मी उन्हें एयरपोर्ट से बाहर ले जाते दिखाई देते हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, विरोध के दौरान यूनुस और उनके साथ मौजूद सहयोगी लामिया मोर्शेद को सुरक्षा कारणों से वापस एयरपोर्ट के भीतर जाना पड़ा।
यूनुस के कार्यकाल को लेकर क्यों उठ रहे सवाल?
नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार बने थे। उनके नेतृत्व वाली सरकार को राजनीतिक संक्रमण, हिंसा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उनके आलोचकों ने आरोप लगाया कि अंतरिम प्रशासन हिंसा को रोकने और सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पर्याप्त रूप से सफल नहीं रहा।उनके कार्यकाल में अल्पसंख्यक समुदायों खासतौर पर हिंदुओं पर हमलों की खबरें भी सामने आईं थीं।
यूनुस के आलोचकों में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग के समर्थक भी शामिल हैं। हालांकि, न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर विरोध करने वाले लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में उन्हें अवामी लीग का समर्थक बताया गया है।
यूनुस की पहली विदेश यात्रा पर निगाहें
मुख्य सलाहकार का पद छोड़ने के बाद यह यूनुस की पहली विदेश यात्रा बताई जा रही है। उनकी यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब उनसे जुड़े मामलों की जांच की मांग उठ रही है। इन मांगों और आरोपों पर संबंधित पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।यूनुस के कार्यकाल के दौरान भारत-बांग्लादेश संबंधों में भी तनाव देखने को मिला। मार्च 2025 में चीन यात्रा के दौरान भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर उनकी टिप्पणियों पर भारत में आलोचना हुई थी। इसके अलावा बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद सामने आए थे।
