Bangladesh Violence: उस्मान हादी (Osman Hadi) की मौत के बाद बांग्लादेश सुलग रहा है। सड़कों पर आगजनी लूटपाट हो रही है। अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। इसी बीच बांग्लादेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उस्मान हादी हत्याकांड के संदिग्ध आरोपी को भारत से जोड़ने का कोई सबूत नहीं है।
उस्मान हादी के हत्यारे को लेकर बांग्लादेश पुलिस ने दी जानकारी।(फोटो सोर्स: Facebook)
'आरोपी की अंतिम लोकेशन की ठोस जानकारी नहीं'
स्पेशल ब्रांच प्रमुख खंदाकर रफीकुल इस्लाम और डिटेक्टिव ब्रांच प्रमुख शफीकुल इस्लाम ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आरोपी की अंतिम लोकेशन को लेकर भी कोई ठोस जानकारी उनके पास नहीं है और न ही उसके भारत सीमा पार करने के प्रमाण मिले हैं।
यूनुस प्रशासन ने क्या कहा?
यह बयान यूनुस प्रशासन की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है, जिसमें आरोपी के ठिकाने को लेकर अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की गई है। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक कहा कि जांच अभी जारी है और फिलहाल किसी देश को जोड़कर निष्कर्ष निकालना गलत होगा।
हिंसा की आग में सुलग रहा बांग्लादेश
पुलिस के बयान के बावजूद, हाल के दिनों में एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से भारत विरोधी बयान सामने आए हैं, जिनमें पूर्वोत्तर भारत को लेकर धमकियां भी शामिल हैं। गुरुवार को उस्मान हादी के परिजनों ने भी भारत विरोधी टिप्पणियां कीं और ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग की ओर मार्च की कोशिशें हुईं। इसके अलावा, अन्य जिलों में भारतीय राजनयिक कार्यालयों पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं भी दर्ज की गईं।
अफवाहों से बढ़ी अशांति
अधिकारियों का कहना है कि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उस्मान हादी की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या मकसद था। हालांकि, अफवाहों और राजनीतिक उकसावे के चलते कट्टरपंथी समूहों ने मीडिया संस्थानों, सांस्कृतिक संगठनों और भारतीय राजनयिक परिसरों को निशाना बनाकर हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया है।
