Cocaine Queen Inside Story: पाकिस्तान के कराची में कथित तौर पर संचालित एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क को लेकर सनसनीखेज खुलासा सामने आया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, लेडी डॉन अनमोल उर्फ 'पिंकी' को गिरफ्तार किया गया है, जो इस ड्रग्स नेटवर्क की सरगना है, जिसे कराची की कोकीन क्वीन भी कहा जाता है।
दो करोड़ से ज्यादा का कारोबार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोकीन क्वीन के ड्रग्स नेटवर्क का करोबार हर माह दो करोड़ रुपये से ज्यादा का है और इसका नेटवर्क कराची से लेकर लाहौर तक फैला हुआ था। जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी और पहचान से बचने के लिए कोकीन क्वीन पिंकी ने अपनी उंगलियों पर एसिड डालकर बायोमेट्रिक पहचान तक मिटाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि पिंकी ने नेटवर्क को संरक्षण देने के लिए कथित तौर पर एक डीएसपी रैंक के अधिकारी के साथ शादी भी की थी। पिंकी इतना शातिर खिलाड़ी थी कि उसने ड्रग्स की सप्लाई को मेंटेन रखने के लिए महिला कुरियर और रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल किया। पहचान पत्र ब्लाक होने के बाद उस पर कथिततौर पर 'समीर' नाम से बैंक अकाउंट खोलकर लेनदेन करने का भी आरोप है।
रिश्वत देने का आरोप
रिपोर्ट्स के मताबिक, पिंकी पर नेटवर्क को बचाने और कार्रवाई से बचने के लिए अधिकारियों को 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिश्वत देने का भी आरोप है। जांच में सामने आया कि पिंकी के भाई को कई बार रिश्वत लेकर गिरफ्तार करने के बाद छोड़ा गया। वहीं, ड्रग नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल सिम फज़ल और सबा बीबी के नाम पर रजिस्टर्ड बताए जा रहे हैं।
पिंकी के हाथों में था पूरा कंट्रोल
जांच एजेंसियों की मानें तो इस ड्रग्स नेटवर्क का पूरा कंट्रोल पिंकी के पास था और उसका संचालन बेहद गोपनीय तरीके से किया जाता था। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इसे कंट्रोल किया जाता और खरीदारों के साथ कोई सीधा संपर्क नहीं होता था। मतलब खरीदारों तक कोई राइडर ड्रग्स नहीं पहुंचाता था। इसके लिए एक लोकेशन तय की जाती और वहां पर ड्रग्स को छोड़ दिया जाता और खरीदार को उसकी लोकेशन और फोटो शेयर कर दी जाती थी।
हालांकि, जब पिंकी के राइडर्स को पुलिस ने पकड़ लिया तो उसने एक 'कामरान' नामक पुलिसकर्मी को राइडर्स को छोड़ने के बदले लगभग दो करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी। पिंकी अपने नेटवर्क में किसी भी ऐसे व्यक्ति को नहीं रखती थी जिस पर पुलिस को संदेह होता था। अगर नेटवर्क का कोई सदस्य पकड़ा जाता तो उसे तत्काल सिंडिकेट से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता था ताकि बाकी गिरोह को सुरक्षित रखा जा सकें।
हत्या का केस दर्ज
पिंकी के खिलाफ 9 मई को एक एफआईआर दर्ज की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कराची के लियारी इलाके में 7 अप्रैल को फुटपाथ पर एक शव मिला था। पुलिस ने इस शव के पास से एक गोल्डन बॉक्स जब्त किया, जिसमें 'Queen Madam Pinky Don, name is enough, enjoy' लिखा हुआ था।