US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। तेहरान के साथ बढ़ती तल्खियों के बीच व्हाइट हाउस ने एक विवादित पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिकी दुश्मनों को निष्क्रिय करने वाला नेता करार दिया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
व्हाइट हाउस की सख्त चेतावनी
व्हाइट हाउस के हालिया पोस्टर में ट्रंप की तस्वीर के नीचे कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं की तस्वीरें दिखाई गई हैं। इन तस्वीरों में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (Nicolas Maduro), ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई (Ali Khamenei), क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो (Raul Castro) और इस्लामिक स्टेट के प्रमुख व्यक्ति अबू-बिलाल अल-मिनुकी शामिल हैं।
इस पोस्टर में दिखाए गए व्यक्तियों के नाम के साथ 'Arrested', 'Killed' और 'Indicted' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही बड़े अक्षरों में लिखा था- अमेरिकी दुश्मनों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेअसर किया। सोशल मीडिया पर जारी व्हाइट हाउस का यह सख्त संदेश एक संक्षिप्त और गंभीर चेतावनी के साथ समाप्त हुआ, जिसमें कहा गया- न्याय जरूर मिलेगा (Justice will be served)।
क्या है पूरा मामला?
व्हाइट हाउस का यह पोस्ट ऐसे समय पर आया जब अमेरिकी सरकार ने 1996 में दो नागरिक विमानों को मार गिराने के मामले में राउल कास्त्रो के खिलाफ औपचारिक आरोप तय किए हैं। उस समय कास्त्रो क्यूबा के रक्षा मंत्री थे। उन पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश और विमान नष्ट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच (Todd Blanche) ने कहा कि लगभग 70 वर्षों में पहली बार क्यूबा शासन के किसी वरिष्ठ नेता पर अमेरिका में अमेरिकी नागरिकों की मौत से जुड़े हिंसक मामलों में आरोप लगाए गए हैं।
कब थमेगी अमेरिका-ईरान की जंग
इसी बीच अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव भी बरकरार है। हाल ही में ट्रंप ने दावा किया था कि उनका प्रशासन ईरान पर नए सैन्य हमले शुरू करने से 'सिर्फ एक घंटे दूर' था। इसके जवाब में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका या इजरायल ने फिर हमला किया तो संघर्ष 'क्षेत्र से बाहर' तक फैल सकता है।
