US Tariffs: अमेरिका एक बार फिर भारत सहित कई देशों पर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी कर रही है। अमेरिकी अखबार 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका, भारत, चीन समेत 16 देशों और अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले सामान पर आयात शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसकी वजह इन देशों की औद्योगिक सब्सिडी बताई जा रही है।
अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट में खुलासा- भारत और चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका। PTI
अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि सरकारों की ओर से घरेलू कंपनियों को दी जा रही आर्थिक मदद के कारण बाजार में जरूरत से ज्यादा उत्पादन हो रहा है, जिससे अमेरिकी निर्माताओं को नुकसान पहुंच रहा है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमीसन ग्रीर इस सप्ताह जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं। हालांकि, घोषणा की तारीख में बदलाव भी संभव है।
भारत, चीन समेत 16 देशों पर अमेरिका की नजर
अमेरिका की जांच में भारत, चीन, यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, वियतनाम, ताइवान, थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, सिंगापुर, बांग्लादेश और कंबोडिया शामिल हैं। यह जांच मार्च 2026 में शुरू की गई थी।
अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि इन देशों में सरकारों की ओर से उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी और आर्थिक सहायता के कारण कंपनियां कम कीमत पर सामान तैयार कर रही हैं। इससे वैश्विक बाजार में सस्ते उत्पादों की भरमार हो रही है और अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो रहा है।
कितनी बढ़ सकती है टैरिफ की दर?
फिलहाल अमेरिका ने नए टैरिफ की दरों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन 2025 में घोषित टैरिफ के समान शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है। यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देश, जिनके साथ अमेरिका ने व्यापार समझौते किए हैं, उन पर कुल टैरिफ 15 फीसदी या उससे कम रह सकता है।
भारत और वियतनाम पर लग सकती है ज्यादा टैरिफ: रिपोर्ट
वहीं, भारत और वियतनाम पर अपेक्षाकृत ज्यादा टैरिफ लगाए जाने की आशंका है। चीन को लेकर अमेरिकी प्रशासन का रुख सबसे सख्त बताया जा रहा है। अमेरिका का मानना है कि चीन में औद्योगिक सब्सिडी का दायरा काफी बड़ा है और इससे वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नए शुल्क ज्यादातर उत्पादों पर लागू हो सकते हैं। हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ औद्योगिक उत्पादों को इससे छूट मिल सकती है, क्योंकि इन पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अलग प्रावधानों के तहत पहले से टैरिफ लागू हैं।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या होगा असर?
बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। ऐसे में नए टैरिफ की आशंका दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों और समझौते की शर्तों पर असर डाल सकती है। अमेरिका नए शुल्कों को पहले से लागू टैरिफ के ऊपर भी लगा सकता है। जुलाई में जबरन मजदूरी से जुड़े नियमों के तहत 60 अर्थव्यवस्थाओं पर 10 से 12.5 फीसदी तक शुल्क लगाने की कार्रवाई की गई थी। हालांकि, इस कदम को कानूनी चुनौती भी मिली है।
बता दें कि चीन के मामले में अमेरिका की चिंता सिर्फ घरेलू सब्सिडी तक सीमित नहीं है। अमेरिकी प्रशासन को आशंका है कि चीनी कंपनियां दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में निवेश करके वहां सामान तैयार कर रही हैं, ताकि अमेरिकी बाजार में टैरिफ से बचा जा सके।
