Trump China Visit: चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोमवार को घोषणा की कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर 13 से 15 मई तक चीन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। लगभग नौ वर्षों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की यह पहली चीन यात्रा होगी। यह यात्रा अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच चल रहे लंबे युद्ध, होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट और ताइवान सहित कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच हो रही है।
चीन दौरे पर जाएंगे ट्रंप
बुधवार शाम को बीजिंग पहुंचेंगे ट्रंप
रविवार को अमेरिकी प्रधान उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने कहा कि ट्रंप बुधवार शाम को बीजिंग पहुंचेंगे, जिसे उन्होंने बेहद प्रतीकात्मक महत्व की यात्रा बताया। केली के अनुसार, ट्रंप गुरुवार को स्वागत समारोह और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे, जिसके बाद वे टेंपल ऑफ हेवन का दौरा करेंगे और राजकीय भोज में भाग लेंगे। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने यह जानकारी दी है।
जिनपिंग की यूएस यात्रा की भी योजना
उन्होंने बताया कि दोनों नेता शुक्रवार को द्विपक्षीय चाय और लंच के लिए फिर से मिलेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका इस साल के अंत में चीनी नेता जिनपिंग की पारस्परिक यात्रा की योजना बना रहा है। दोनों पक्षों ने रविवार को घोषणा की कि उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग, ट्रंप की यात्रा से पहले वार्ता के अंतिम दौर में, 12 और 13 मई को अमेरिकी वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट के साथ व्यापार वार्ता के लिए दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे।
टैरिफि पर व्यापार समझौते की उम्मीद
ट्रंप की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा लगाए गए दो शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के बीच टैरिफ पर व्यापार समझौते की उम्मीदें बनी हुई हैं। चीनी वाणिज्य मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि वार्ता दक्षिण कोरिया के बुसान में हुई बैठक और पिछली फोन कॉल में दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति के आधार पर होगी और आपसी चिंता के आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा करेगी।
