Trump Davos Trip Cancel: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का खास विमान एयर फोर्स वन (Air Force One) मंगलवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के लिए दावोस जाते समय एक तेज यू-टर्न लेकर जॉइंट बेस एंड्रयूज लौट आया। क्रू ने कहा कि कोई इलेक्ट्रिकल दिक्कत सामने आने से वापस जाना पड़ा।
ट्रंप के प्लेन ने लिया यू-टर्न, यह अमेरिकी राष्ट्रपति की दावोस ना जाने की चाल या सच में कोई गड़बड़ी हुई? (AP Photo)
व्हाइट हाउस की आधिकारिक रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने बताया कि एयर फोर्स वन विमान, जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सवार थे, वह स्विट्जरलैंड जा रहा था। लेकिन विमान में एक मामूली विद्युत (इलेक्ट्रिकल) खराबी पाए जाने के बाद वह जॉइंट बेस एंड्रयूज लौट रहा है। बताया गया कि टेकऑफ के बाद, AF1 के क्रू को एक छोटी सी इलेक्ट्रिकल प्रॉब्लम का पता चला। सावधानी बरतते हुए, AF1 को जॉइंट बेस एंड्रयूज के लिए वापस मोड़ लिया गया। अब अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी टीम एक दूसरे विमान में सवार होकर स्विट्जरलैंड के लिए अपनी यात्रा के लिए जाएंगे।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लीविट ने कहा कि वापस लौटने का फैसला टेकऑफ के तुरंत बाद लिया गया, जब एयर फोर्स वन के क्रू ने एक 'मामूली इलेक्ट्रिकल समस्या' का पता लगाया और सावधानी के तौर पर वापस लौटने का फैसला किया।
विमान में सवार एक रिपोर्टर ने बताया कि टेकऑफ के बाद प्रेस केबिन की लाइटें कुछ देर के लिए बंद हो गई थीं, हालांकि उस समय कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया था।
व्हाइट हाउस की रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने सोशल मीडिया पर भी पुष्टि की कि उड़ान के बीच में समस्या का पता चला था। पोस्ट में कहा गया है, 'पूरी सावधानी बरतते हुए, AF1 जॉइंट बेस एंड्रयूज लौट रहा है। राष्ट्रपति और उनकी टीम दूसरे विमान में सवार होकर स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होगी।'
ट्रंप के विमान
एयर फोर्स वन लगभग चार दशकों से सेवा में है। जहां अब बोइंग इसके बदले नए विमान बना रहा है, लेकिन प्रोग्राम में कई प्रकार की देरी हो रही है। पिछले साल, कतर के शाही परिवार ने ट्रंप को एयर फोर्स वन फ्लीट में शामिल होने के लिए एक लग्जरी बोइंग 747-8 जंबो जेट गिफ्ट किया था, जिस पर काफी सवाल भी उठे थे।
उस प्लेन को अभी सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए रेट्रोफिट किया जा रहा है। लीविट ने मंगलवार रात एयर फोर्स वन पर रिपोर्टर्स से मजाक में कहा कि इस समय कतरी जेट की आवाज 'काफी बेहतर' लग रही है।
उम्मीद थी कि विमान रात 11 बजे (स्थानीय समय) के आसपास जॉइंट बेस एंड्रयूज पर लैंड करेगा। बता दें कि ट्रंप दावोस में कई ग्लोबल नेताओं से मिलने वाले थे और उन्होंने पहले स्विट्जरलैंड यात्रा को एक 'दिलचस्प यात्रा' बताया था। उन्होंने रवाना होने से पहले कहा, 'मुझे नहीं पता कि क्या होने वाला है, लेकिन आपका प्रतिनिधित्व अच्छे से किया जा रहा है।'
