Lake Huron : अमेरिकी सेना ने एक बार फिर उड़न तश्तरी जैसी एक चीज को मार गिराया है। सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी एवं कांग्रेस के एक सूत्र के हवाले से कहा है कि उड़न तश्तरी जैसी वस्तु लेक हूरोन के ऊपर काफी ऊंचाई पर उड़ रही थी। हाल के दिनों में आसमान में उड़ने वाली ये चौथी संदिग्ध उपकरण है जिसे मार गिराया गया है। कुछ दिनों पहले अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने एक बैलून को मार गिराया। इसे चीन का जासूसी बैलून बताया गया। हालांकि, चीन का कहना है कि यह उसका मौसम की जानकारी जुटाने वाला एयर बैलून था जो कि रास्ता भटक गया था।
अमेरिका के आसमान में हो रही हैं संदिग्ध घटनाएं।
अमेरिका ने आसमान की निगरानी बढ़ाई
संदिग्ध जासूसी गुब्बारे की घटना के बाद अमेरिका ने अपने आसमान की निगरानी बढ़ा दी है। शनिवार को उत्तरी कनाडा के समीप आसमान में उड़ रही एक वस्तु को निशाना बनाया गया। इसके पहले शुक्रवार को अलास्का की वायु सीमा में एफ-22 ने एक अज्ञात वस्तु को मार गिराया। जबकि पिछले सप्ताह साउथ कैरोलिना के समुद्र के ऊपर चीन के संदिग्ध जासूसी बैलून को फाइटर जेट से मिसाइल दागकर नीचे गिराया गया।
अपना वायु क्षेत्र बंद करेगा कनाडा?
इस बीच, खबर यह भी है कि कनाडा ओनटैरियो के टोबेरमोरी के समीप अपना वायु क्षेत्र बंद करने जा रहा है। पेंटागन के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि वे रडार की करीबी से निगरानी कर रहे हैं, क्योंकि मार गिराई गई वस्तु क्या है और किस तरह की इसकी अभी ठीक तरह से पहचान नहीं हो पाई है। उड़ने वाली वस्तु एयर बैलून है या कोई और उपकरण, इसके बारे में वे बाद में टिप्पणी करेंगे। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि कौन सी चीज इस वस्तु को उड़ा रही थी, इसके बारे में अभी जानकारी नहीं है।
ट्रुडो से फोन पर बातचीत के बाद फैसला
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने बताया कि इस अज्ञात वस्तु को शनिवार को उत्तर-पश्चिम कनाडा के युकोन क्षेत्र में नष्ट किया गया। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन ने बताया कि यह वस्तु एक रात पहले अलास्का में देखी गई थी और सैन्य अधिकारियों ने बारीकी से इस पर नजर रखी।अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद इस संबंध में फैसला किया गया।
