US Iran Peace Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को बड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने दो टूक कहा कि ईरान ने अमेरिका को भरोसा दिलाया है कि वह इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर किसी भी तरह का कोई टोल, बीमा शुल्क या कोई चार्ज नहीं वसूलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह जानकारी गलत साबित हुई तो दोनों देशों के बीच चल रही शांतिवार्ता तत्काल खत्म कर दी जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी (AP)
हाल ही में ईरानी अधिकारियों की कुछ टिप्पणियों और मीडिया रिपोर्टों के बाद यह अटकलें तेज हो गई थीं कि ईरान, होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने पर विचार कर सकता है।
अमेरिका ईरान को सीधे कोई आर्थिक मदद नहीं देगा: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिका ने ईरान को कोई धनराशि नहीं दी है और न ही ईरान की कोई राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के नियंत्रण में मौजूद ईरान की कुछ रकम का इस्तेमाल अमेरिकी किसानों और पशुपालकों से मक्का, गेहूं, सोयाबीन जैसी कृषि उपज खरीदने के लिए किया जा सकता है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान को खाद्य सामग्री की जरूरत है और ऐसी खरीद केवल अमेरिका से की जाएगी। उन्होंने अपने बयान में कहा कि इस मुद्दे पर कई तरह की गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं और वास्तविक स्थिति को समझना जरूरी है।
ईरान को हमारा सम्मान करना होगा: ट्रंप
इससे पहले ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा था, “जब तक वे हमारा सम्मान करेंगे, तब तक किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। मैं ‘डर’ शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, लेकिन सम्मान जरूरी है।” इस बीच दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में शामिल हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद यह समुद्री मार्ग प्रभावित हुआ था, जिससे वैश्विक तेल बाजार में उथल-पुथल मच गई थी।
