Dirty Bomb: अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि ईरान अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में डर्टी बम या रासायनिक हथियारों से हमला करने की योजना बना सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया जानकारी में हमले के संभावित ठिकानों और लक्ष्यों की पहचान किए जाने का दावा किया गया है। इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने संभावित खतरे से निपटने के लिए आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अमेरिका पर डर्टी बम का खतरा
ईरान पर शक गहराया
हालांकि, सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि इन योजनाओं का मकसद ईरान के लिए भविष्य में हमले के विकल्प तैयार रखना हो सकता है। फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं है कि ईरान ने हमले को अंजाम देने का अंतिम फैसला लिया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि अमेरिका सभी संभावित खतरों पर नजर रख रहा है, लेकिन फिलहाल देश के भीतर किसी विश्वसनीय खतरे की जानकारी नहीं है।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान की इन गतिविधियों को अमेरिका के साथ बढ़ते सैन्य तनाव और आर्थिक नाकेबंदी के बीच उसके रुख में संभावित बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में अधिकारियों ने इस खतरे से निपटने के लिए कई बैठकें की हैं। एक सूत्र के मुताबिक, ईरान के पास इस तरह के हमले को अंजाम देने के लिए जरूरी लोग और संसाधन मौजूद हैं या नहीं, इस पर अभी भी बहस जारी है।
क्या होता है डर्टी बम?
डर्टी बम एक ऐसा विस्फोटक उपकरण होता है, जिसमें पारंपरिक विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है। विस्फोट के बाद रेडियोधर्मी तत्व आसपास के इलाके में फैल सकते हैं। यह परमाणु बम से अलग होता है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ऐसे हमले के लिए ईरान को प्रशिक्षित हमलावरों को अमेरिका भेजने की जरूरत नहीं होगी। वह अमेरिका में पहले से मौजूद किसी व्यक्ति को भी हमले के लिए तैयार कर सकता है।
अमेरिका में पहले से छिपाकर रखे गए हो सकते हैं खतरनाक पदार्थ
एक सूत्र के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ईरानी संचार से ऐसी जानकारी मिली है, जिसमें अमेरिका के भीतर बम बनाने से जुड़ी सामग्री छिपाकर रखे जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इस खुफिया जानकारी की विश्वसनीयता को लेकर अमेरिकी अधिकारियों में मतभेद हैं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि ईरान रेडियोधर्मी सामग्री या रासायनिक एजेंट पहले से अमेरिका में पहुंचाकर रख सकता है। एक सूत्र ने दावा किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अधिकारी मानते हैं कि ऐसी सामग्री अमेरिका में वर्षों या दशकों से मौजूद हो सकती है।
ट्रेजरी सचिव की सुरक्षा बढ़ाई गई
ईरान से जुड़े संभावित खतरों के मद्देनजर अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट को पिछले सप्ताह सैन्य आवास में शिफ्ट किया था। गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही ईरान पर मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के आरोप लगते रहे हैं। वहीं, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन के प्रवक्ता ने रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी परिस्थिति में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को पूरी तरह अवैध मानता है और उसके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं। हालांकि, प्रवक्ता ने डर्टी बम हमले की संभावित योजना से जुड़े खुफिया दावों पर सीधे कोई टिप्पणी नहीं की।
