रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका ने नए सिरे से कूटनीतिक प्रयास शुरू किए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने रविवार (स्थानीय समय) को यूक्रेन की राजधानी कीव में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत की। यूक्रेन का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा था। इससे पहले दोनों अमेरिकी दूत शनिवार (स्थानीय समय) को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात कर चुके हैं।
अमेरिकी दूतों ने जेलेंस्की से की अहम वार्ता
बैठक के बाद कुशनर ने बातचीत को “उत्साहजनक” बताया, लेकिन युद्ध विराम या शांति समझौते को लेकर कोई बड़ी सफलता सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि समस्या बेहद मुश्किल है, लेकिन अमेरिका पर्दे के पीछे रहकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, जिससे समझौते की संभावना बन सके।
जेलेंस्की से सुरक्षा और एयर डिफेंस पर हुई चर्चा
जेलेंस्की ने बताया कि बातचीत में यूक्रेन की एयर डिफेंस जरूरतों पर चर्चा हुई। इसके अलावा सर्दियों से पहले ऊर्जा ढांचे और एयर डिफेंस को मजबूत करने के लिए एक ‘विंटर पैकेज’ पर भी बात हुई। जेलेंस्की के मुताबिक, अमेरिका अगले साल पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रहा है। जर्मनी भी मौजूदा लाइसेंसिंग व्यवस्था के तहत अपने उत्पादन को बढ़ाएगा। जेलेंस्की ने कहा कि जमीन और सीमाओं से जुड़े जटिल मसले केवल शीर्ष नेताओं के स्तर पर ही सुलझाए जा सकते हैं।
मॉस्को में 3 घंटे चली थी पुतिन से बातचीत
कीव पहुंचने से पहले अमेरिकी दूतों ने शनिवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करीब तीन घंटे तक बात की थी। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बातचीत को "रचनात्मक और उपयोगी" बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में केवल युद्ध ही नहीं, बल्कि रूस और अमेरिका के बीच आर्थिक मुद्दों और बड़े संयुक्त प्रोजेक्ट्स पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
