अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने दशकों बाद ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 258 सीटें हासिल कर ली हैं। रिपोर्टों के अनुसार, 1992 में बिल क्लिंटन के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद यह डेमोक्रेट्स का सबसे बड़ा बहुमत है। इस जीत के साथ डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका दिया है। 435 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के पास अब कम से कम 173 सीटें रह गई हैं। चार सीटों पर नतीजे आना अभी बाकी है।
258 सीटों पर जीत के साथ डेमोक्रेट्स ने बनाया रिकॉर्ड
रविवार को उत्तरी कैरोलिना में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार चक हबर्ड ने रिपब्लिकन सांसद वर्जीनिया फॉक्स को हराया। इसके बाद डेमोक्रेट्स का आंकड़ा बढ़कर 258 सीटों तक पहुंच गया। पार्टी अब तक 44 सीटें रिपब्लिकन से छीन चुकी है। इससे पहले 2018 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान हुए मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स ने 40 सीटें हासिल की थीं। इस बार का प्रदर्शन उससे भी बेहतर रहा है। जिन चार सीटों के नतीजे आने बाकी हैं, उनमें मिनेसोटा और टेनेसी की एक-एक सीट शामिल है, जबकि लुइसियाना की दो सीटों पर दिसंबर में दोबारा मतदान होंगे।
संसद के दोनों सदनों पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण
जनवरी 2027 में नई कांग्रेस के कार्यभार संभालने के साथ ही अमेरिका में 'विभाजित सरकार' (Divided Government) की स्थिति बनेगी, जहां संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक बहुमत होगा और व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होंगे। सीनेट में भी डेमोक्रेट्स ने 100 में से 56 सीटें हासिल की हैं, जो एक दशक से अधिक समय में पार्टी का सबसे बड़ा बहुमत है। इस बड़े बहुमत के साथ न्यूयॉर्क के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज 3 जनवरी 2027 को प्रतिनिधि सभा के पहले अश्वेत स्पीकर बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं।
ट्रंप प्रशासन की जांच की तैयारी
डेमोक्रेट्स अब सरकार के खिलाफ निगरानी और जांच की अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी ने सत्ता संभालने के शुरुआती 100 दिनों के लिए एजेंडा तैयार किया है। इसमें महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत से राहत देना प्रमुख प्राथमिकता होगी। इसके अलावा, रिपब्लिकन सरकार की ओर से मेडिकेड स्वास्थ्य योजना में की गई कटौती को वापस लेने और अफोर्डेबल केयर एक्ट के तहत मिलने वाली टैक्स छूट बहाल करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।
डेमोक्रेट्स ने ट्रंप प्रशासन के कामकाज की जांच करने का भी ऐलान किया है। इसमें राष्ट्रपति और उनके परिवार की संपत्ति में बढ़ोतरी से जुड़े मामलों की पड़ताल भी शामिल है। पार्टी नेता हकीम जेफ्रीज ने ट्रंप के खिलाफ तीसरी बार महाभियोग चलाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
