TikTok in USA: अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने स्पेन में सप्ताहांत व्यापार वार्ता के बाद कहा कि लोकप्रिय सोशल वीडियो प्लेटफॉर्म टिकटॉक (TikTok) के स्वामित्व के लिए चीन और अमेरिका के बीच एक मसौदा समझौता हो गया है।
अमेरिका और चीन के बीच टिकटॉक पर मसौदा समझौता हुआ (Photo- AP)
दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच मैड्रिड में व्यापार वार्ता के नवीनतम दौर के समापन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेसेन्ट ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी प्रधानमंत्री शी चिनफिंग शुक्रवार को इस सौदे को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सौदे का उद्देश्य अमेरिकी स्वामित्व में बदलाव होगा।
सहमति बन गई है...
बेसेंट ने कहा, 'हम सौदे की व्यावसायिक शर्तों पर बात नहीं करेंगे। यह दो निजी पक्षों के बीच है। लेकिन व्यावसायिक शर्तों पर सहमति बन गई है।'
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया साइट पर अपने एक पोस्ट में कहा था कि अमेरिका और चीन के अधिकारियों के बीच बैठक अच्छी रही और उस एक 'खास कंपनी' के संबंध में सौदा हो गया है, जिसे हमारे देश के युवा बहुत हद तक बचाना चाहते थे।
स्पेन में व्यापार और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए चल रही बैठक
बता दें कि चीनी और अमेरिकी राजनयिक इस हफ्ते स्पेन में व्यापार और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक कर रहे हैं। अमेरिका की ओर से चीन के साथ व्यापार वार्ता के नवीनतम दौर का नेतृत्व कर रहे बेसेंट ने कहा था कि टिकटॉक उन विषयों में से एक है जिन पर चर्चा होने की संभावना है।
