रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से जारी युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यूक्रेन ने रूस के भीतर गहरे इलाकों में हमला कर मॉस्को को रणनीतिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। यूक्रेनी सेना ने बुधवार को लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन के जरिए रूस के कई सैन्य और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया।
यूक्रेन ने रूस को बनाया निशाना।
एफपी-5 फ्लेमिंगो लंबी दूरी की मिसाइलों ने बनाया निशाना
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि उनकी सेना ने रूस के कई सैन्य और ऊर्जा अवसंरचना केंद्रों पर सफल हमले किए हैं। इनमें एक ऐसा सैन्य कारखाना भी शामिल है जो रूसी ड्रोन और मिसाइलों के लिए महत्वपूर्ण कलपुर्जों की आपूर्ति करता था। जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन की एफपी-5 फ्लेमिंगो लंबी दूरी की मिसाइलों ने चुवाशिया क्षेत्र के चेबोक्सारी स्थित एक अहम सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया। यह स्थान अग्रिम मोर्चे से करीब 900 किलोमीटर दूर है।
रूस ने किया ये दावा
वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में यूक्रेन के 326 ड्रोन मार गिराए। हालांकि कुछ हमले रूसी क्षेत्रों तक पहुंचने में सफल रहे। चुवाशिया के प्रमुख ओलेग निकोलायेव ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हमले में वीएनआईआईआर-प्रोग्रेस संयंत्र को निशाना बनाया गया, जहां ड्रोन के लिए एंटीना तैयार किए जाते हैं।
युद्ध क्षेत्र से लगभग 700 किलोमीटर दूर तेल रिफाइनरी पर हमला
जेलेंस्की ने यह भी बताया कि यूक्रेनी बलों ने रूस के समारा क्षेत्र में स्थित एक तेल रिफाइनरी पर हमला किया। समारा के गवर्नर व्याचेस्लाव फेदोरिशचेव के अनुसार, ड्रोन हमलों से कई औद्योगिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा और तीन लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने रूस के व्लादिमीर क्षेत्र में तेल से जुड़ी दो महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं को भी निशाना बनाया। ये ठिकाने युद्ध क्षेत्र से लगभग 700 किलोमीटर दूर स्थित हैं।
क्रीमिया में भी एक यूक्रेनी ड्रोन हमला
उधर, रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में भी एक यूक्रेनी ड्रोन हमला हुआ। सेवस्तोपोल में ड्रोन एक ऐसी इमारत से टकराया, जिसमें 19वीं सदी के क्रीमिया युद्ध को दर्शाने वाली प्रसिद्ध पेंटिंग रखी हुई थी। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कलाकार फ्रांज रुबो की बनाई यह ऐतिहासिक पेंटिंग पूरी तरह नष्ट हो गई।
हाल के दिनों में सेंट पीटर्सबर्ग के तेल टर्मिनल और नौसैनिक अड्डे पर हुए हमलों के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश की वायु रक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का संकल्प लिया था। इसके बावजूद यूक्रेन लगातार रूस के अंदर तक हमले करने में सफल हो रहा है। दूसरी ओर यूक्रेन भी रूसी हमलों का सामना कर रहा है। यूक्रेनी वायुसेना का दावा है कि उसने रूस द्वारा दागे गए 207 ड्रोन में से 181 को मार गिराया। खारकीव, जापोरिज्जिया और ओडेसा समेत कई शहरों में रूसी हमलों से लोगों के घायल होने और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं।
