Pakistan Firing: पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से एक चौंकाने वाली घटना सामने आ रही है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को गुरुद्वारे की देखभाल करने वाले सिख दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मरदान जिले के ख्लाजा गंज बाजार के बाबू मोहल्ला में हुई।
पाकिस्तान में गुरुद्वारे के भीतर चलीं गोलियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मरदान जिले के बाबू मोहल्ला में मौजूद गुरुद्वारे के भीतर एक अनजान बंदूकधारी ने गोलियां चलाईं, जिसमें गुरुद्वारे की देखभाल करने वाले बुजुर्ग सिख दंपति की मौत हो गई। बता दें कि मरदान में लगभग 300 सिख और हिंदू रहते हैं।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिला पुलिस अधिकारी और जांच टीमों समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने क्राइम सीन का दौरा किया और सबूत एकत्रित किए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी कांड में कई एंगल से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने और गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं।
मरदान के जिला पुलिस अधिकारी मसूद अहमद के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने गुरुद्वारे के भीतर गोलीबारी की, जिसमें जगन्नाथ और उनकी पत्नी आसमा वंती की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हमले के मकसद का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: यमन के स्पाइडर मैन की दर्दनाक मौत, बिना रस्सी के खड़ी चट्टान पर कर रहे थे चढ़ाई; अचानक ज्वालामुखी क्रेटर में गिरे, गंवाई जान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बंदूकधारियों ने 72 वर्षीय और 69 वर्षीय बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की। दंपति के कोई बच्चे नहीं थे और वह गुरुद्वारे की देखभाल करते थे। बंदूकधारियों ने पीड़ितों के चेहरे पर गोली मारी। मृतक का अंतिम संस्कार मरदान में किए जाने की संभावना है। समुदाय के नेताओं ने जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
