Canada Firing: कनाडा के सरे (Surrey) शहर में एक वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई अंधाधुंध गोलीबारी में भारतीय मूल के दो लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस गोलीबारी को सोची-समझी यानी 'टारगेटेड' वारदात करार दिया, जिसके तार संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
कनाडा में वॉलमार्ट के बाहर अंधाधुंध फायरिंग (प्रतीकात्मक फोटो)
कब हुई गोलीबारी की घटना
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सीबीसी न्यूज के हवाले से बताया कि इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में की। यह घटना 15 नवंबर की रात वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई थी। अंधाधुंध गोलीबारी में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ा।
फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक सरे के पड़ोसी शहर डेल्टा (Delta) के निवासी थे। रिपोर्ट के मुताबिक, गगनप्रीत रेहल का नाम हथियारों से जुड़े अपराधों के मामले में पुलिस रिकॉर्ड में पहले से दर्ज था, जबकि सुखजीत कौर के कनाडा में बेहद सीमित संपर्क थे।
गाड़ी में आग लगने की मिली थी सूचना
जांच टीम के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10:51 बजे घटनास्थल के पास ही एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस का मानना है कि यह जली हुई गाड़ी संदिग्ध हमलावरों की ही थी और इसका सीधा संबंध इस गोलीबारी से है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'स्पेस' बटन दबाते ही बदल गई जिंदगी, शुभांशु शुक्ला ने सुनाए अनसुने किस्से
आईएचआईटी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला संगठित अपराध से जुड़ी सोची समझी गोलीबारी का प्रतीत होता है। पुलिसकर्मी ने बताया कि इस गोलीबारी ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है, जिन्होंने समय से पहले ही अपनों को खो दिया।
