Washington Hilton Hotel Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के मशहूर हिल्टन होटल में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के वार्षिक रात्रिभोज के दौरान अचानक गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। इस घटना की कई वीडियो सामने आ चुकी हैं।
वॉशिंगटन के मशहूर हिल्टन होटल में शनिवार रात चली ताबड़तोड़ गोलियां। ANI
एक वीडियो में देखा जा सकता है कि होटल में ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी भी मौजूद थे। फायरिंग के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत ट्रंप को मेज के नीचे छुपाया और किसी तरह वहां से सुरक्षित निकाल लिया।
बता दें कि हिल्टन होटल में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' होने वाला था। इस दौरान होटल में 2600 से ज्यादा लोग मौजूद थे। होटल से कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें फायरिंग की आवाज सुनी जा सकती है। इस घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर को पुलिस ने दबोच लिया है। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की आवाज डिनर हॉल के ठीक ऊपर वाले कमरे से आई थी।
टेबल के नीचे छिप गए मेहमान
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रंप किसी व्यक्ति से बात कर रहे है। अचानक बर्तन के गिरने की आवाज आने लगी। इसी बीच मेलानिया ट्रंप भीड़ में कुछ देखकर परेशान नजर आ रही थीं। जैसे ही फायरिंग की आवाज आई, हॉल में मौजूद करीब मेहमानों में भगदड़ मच गई। कई लोगों अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए. वहीं, होटल के कर्मचारी और वेटर्स बाहर की ओर भागते दिखे।
5 से 8 राउंड चली गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने 5 से 8 राउंड फायरिंग जैसी आवाजें सुनीं। जैसे ही यह सूचना फैली, पूरे बैंक्वेट हॉल में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। समाचार एजेंसी, एएफपी के अनुसार, कैबिनेट के एक सदस्य ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गोलियां चलीं, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सीक्रेट सर्विस का हवाला देते हुए आगे बताया गया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है।
