US Elections: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बीच व्हाइट हाउस (White House) ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक स्पष्ट संदेश दिया। व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप अभी भी आपके राष्ट्रपति हैं। इस बयान के जरिए प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप देश के राष्ट्रपति रहेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
बुरी तरह हारी ट्रंप की रिपब्लिकन
राष्ट्रपति ट्रंप को बड़ा झटका देते हुए देश के मतदाताओं ने मंगलवार को हुए बहुचर्चित मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को अमेरिकी संसद का नियंत्रण सौंप दिया और कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर भी पार्टी को जीत दिलाई। इन नतीजों का असर न केवल अमेरिका, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिलेगा।
समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले टेक्सास, जॉर्जिया, आयोवा और ओहायो जैसे राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां उसने डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों गवर्नर के पद गंवा दिए।
डेमोक्रेट ने सीनेट और प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स) दोनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया और अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के दोनों सदनों में रिपब्लिकन के कब्जे को समाप्त कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अमेरिकी चुनाव नतीजों पर ईरान के सुप्रीम लीडर की आई पहली प्रतिक्रिया!
क्यों हारी ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन?
रिपब्लिकन पार्टी की इस बड़ी हार की मुख्य वजह ट्रंप की नीतियों के प्रति लोगों में व्याप्त असंतोष को माना जा रहा है। खासकर ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसके कारण जीवन-यापन की लागत और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। मतदान केंद्रों पर 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कई मतदाताओं ने ट्रंप के बयानों, बड़े-बड़े दावों और उनकी कार्यशैली से पैदा हुई नाराजगी को रिपब्लिकन पार्टी के प्रति मोहभंग का मुख्य कारण बताया।
परंपरागत रूप से रिपब्लिकन समर्थक राज्य जॉर्जिया के एक डेमोक्रेट समर्थक ने कहा, ''ट्रंप नाकाम रहे हैं। मैं नहीं चाहता कि वे मेरे बच्चों के आदर्श बनें। वे जितनी जल्दी पद छोड़ें, उतना ही अच्छा होगा।''
