Donald Trump Nobel Peace Prize : राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार मिले इसके लिए व्हाइट हाउस ने भी आधिकारिक मांग कर दी है। व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति पद संभालने और अपने छह महीने के कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने करीब-करीब हर महीने एक शांति समझौता कराया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि बीते छह महीनों में राष्ट्रपति ने दुनिया में छह संघर्षों को खत्म कराया है। इनमें इजरायल और ईरान और भारत एवं पाकिस्तान के बीच का संघर्ष भी शामिल है।
अब व्हाइट हाउस से उठी ट्रप को नोबेल पुरस्कार देने की मांग। तस्वीर-AP
ट्रंप ने छह संघर्षों को समाप्त कर दिया है-लेविट
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन ने कहा कि ट्रंप ने छह संघर्षों को समाप्त कर दिया है, जिनमें इजरायल और ईरान, भारत और पाकिस्तान के बीच के विवाद शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था कि राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाए।' कैरोलिन ने आगे कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप ने अब थाईलैंड और कंबोडिया, इजरायल और ईरान, रवांडा और कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, भारत और पाकिस्तान, सर्बिया और कोसोवो, और मिस्र और इथियोपिया के बीच संघर्षों को समाप्त कर दिया है।'
हर महीने औसतन एक समझौता कराया-व्हाइट हाउस
उन्होंने कहा, 'इसका मतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने छह महीने के कार्यकाल में औसतन हर महीने एक शांति समझौता या संघर्षविराम कराया है। अब समय आ गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाए।' ट्रंप ने मई में भारत द्वारा इस्लामाबाद के आतंकी ढांचे के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम कराने का दावा बार-बार किया है। हालांकि, भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इन दावों को खारिज कर दिया है।
ट्रंप खुद भी पुरस्कार की मांग कर चुके हैं
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ट्रंप ने फिर से कहा है कि विभिन्न वैश्विक संघर्षों को सुलझाने में उनकी कूटनीतिक कोशिशों के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। पिछले महीने, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि उन्हें शांति पुरस्कार मिलना चाहिए, क्योंकि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम समेत कई विवादों को सुलझाया है। ट्रंप ने कहा था, 'उन्हें मुझे रवांडा के लिए नोबेल पुरस्कार देना चाहिए, और अगर आप कांगो को देखें, या आप कह सकते हैं सर्बिया, कोसोवो आप बहुत सारे नाम ले सकते हैं। मेरा मतलब है, सबसे बड़ा है भारत और पाकिस्तान।'
