Afghanistan News: तालिबान सरकार ने भारत को लेकर अपने ही फैसले पर हफ्ते भर में पलटी मार ली है। अफगानिस्तान ने एक बार फिर से भारत में अपने दूतावास को खोलने की घोषणा कर दी है। विदेश मामलों के उप मंत्री शेर मोहम्मद अब्बास स्टानिकजई ने ये ऐलान किया है कि अफगानिस्तान जल्द ही भारत में फिर से अपना दूतावास खोलेगा। स्टानिकजई ने ये कहा है कि अपने पड़ोसी देशों के साथ तालिबान अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है।
अफगानिस्तान ने भारत को लेकर बदला अपना ही फैसला।
हफ्ते भर में अफगानिस्तान को बदलना पड़ा अपना ही फैसला
अफगानिस्तान ने हफ्ते भर पहले ही भारत में अपने दूतावास को स्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की थी। स्थानीय मीडिया आउटलेट आरटीए को तालिबान सरकार में विदेश मामलों के उप मंत्री स्टानिकजई ने बताया कि 'अफगान वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने हैदराबाद और मुंबई में काबुल से निर्देश के बाद दूतावास का दौरा किया है। हम जल्द ही नई दिल्ली में दूतावास खोलेंगे और फिर से कामकाज स्टार्ट करेंगे। अपने पड़ोसी देशों के साथ हम अच्छे संबंध चाहते हैं।'
भारत सरकार पर फरीद ने लगाया था सहयोग नहीं करने का आरोप
कुछ दिन पहले भारत सरकार पर राजदूत फरीद ममुंडजे के कंट्रोल वाले मिशन ने सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था। अशरफ गनी सरकार द्वारा नियुक्त मामुंडजे ने कहा था कि भारत सरकार की ओर से लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते स्थायी रूप से दूतावास को बंद करना पड़ रहा है। पिछले कुछ महीनों से मामुंडजे भारत से बाहर हैं। 30 सितंबर को अशरफ गनी सरकार द्वारा नियुक्त राजनायिकों ने ये घोषणा की थी कि एक अक्टूबर से दूतावास में कामकाज बंद कर रहा है। अफगानिस्तान में अशरफ गनी को वर्ष 2021 में तालिबान ने सत्ता से बेदखल कर दिया था और देश पर कब्जा कर लिया था।
