Iran US Conflict: पश्चिम एशिया में पिछले एक माह से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध छिड़ा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार ईरान पर सीजफायर के लिए दबाव बना रहे हैं, जबकि तेहरान खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है और तमाम अमेरिकी दावों को खारिज कर रहा है।
फाइटर प्लेन से पायलट ने किया इजेक्ट (फोटो साभार: AI)
इस बीच, ईरान के एक स्थानीय सरकारी टीवी चैनल ने शुक्रवार को दावा किया कि दक्षिणी-पश्चिमी ईरान में एक अमेरिकी फाइटर प्लेन से पायलट ने खुद को इजेक्ट किया है। इजेक्ट का मतलब खुद को फाइटर प्लेन से बाहर निकालना होता है। हालांकि, इस पर अमेरिका की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है, लेकिन सीबीसी न्यूज ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया कि क्रू सदस्यों में से एक का रेस्क्यू कर लिया गया है।
सूट एंड साइट का संदेश
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक स्थानीय ईरानी चैनल के एंकर ने घोषणा करते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति दुश्मन पायलट या पायलटों को जिंदा पकड़कर पुलिस के हवाले करता है, तो उसे इनाम दिया जाएगा। वहीं, स्क्रीन पर एक चल रहे संदेश में जनता से अपील की गई कि ''अगर वह उन्हें देखें तो गोली मार दें।''
दुर्घटनास्थल की ओर बढ़ रहे लोग
ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने भी फेसबुक पर पोस्ट किया कि आम नागरिकों की भीड़ निजी कारों में दुर्घटनास्थल की ओर बढ़ रही हैं। बकौल पोस्ट, ''दक्षिणी-पश्चिमी ईरान में कई लोग अमेरिकी फाइटर जेट के दुर्घटनास्थल के आसपास के इलाके में अमेरिकी पायलट को पकड़ने के लिए निजी कारों से गए हैं। ईरानी सशस्त्र बलों ने लोगों से अपील की है कि वह किसी को भी पायलट के साथ दुर्व्यवहार न करने दें।''
पायलटों की हो रही तलाश
आईआरआईबी ने ईरान का एक मैप 'एक्स' पर पोस्ट किया, जिसमें उसने उस इलाके को चिह्नित किया है, जहां पर दो अमेरिकी पायलटों को तलाशा जा रहा है। इससे एक बात तो तय हो गई है कि अभी तक अमेरिकी पायलट ईरान के हाथ नहीं लगे हैं। हालांकि, सीबीएस न्यूज ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाला से बताया कि गिरे हुए जेट के चालक दल के एक सदस्य को अमेरिकी सेना ने बचा लिया है।
