Earthquakes in Afghanistan : बीते 24 घंटे में अफगानिस्तान को भूकंप के कई झटके लगे हैं। राष्ट्रीय भूगर्भ विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार तड़के यहां रिक्टर स्केल पर 4.9 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं अफगानिस्तान में गुरुवार देर रात 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था। इससे पहले 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था. वहीं 31 अगस्त की रात अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में आए 6.0 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2200 से अधिक हो गई है।
घरों से सैकड़ों शव बरामद
अफगानिस्तान में पिछले सप्ताह आए भूकंप में तबाह हुए घरों से सैकड़ों शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 2,200 से अधिक हो गई है। तालिबान सरकार के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि रविवार रात आए 6.0 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने कई प्रांतों को हिला दिया, जिससे भारी तबाही हुई। भूकंप से कई गांव तबाह हो गए और लोग मिट्टी, कच्ची ईंटों और लकड़ी से बने मकानों के मलबे में दब गए, जो इस झटके को सहन नहीं कर पाए। ज्यादातर जान-माल की हानि कुनार में हुई है, जहां लोग ऊंचे पहाड़ों से घिरी नदी की घाटियों में रहते हैं।
चाव और खोज अभियान जारी
तालिबान के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने बताया कि बचाव और खोज अभियान जारी हैं। उन्होंने कहा, 'लोगों के लिए तंबू लगाए गए हैं और प्राथमिक चिकित्सा उपचार मुहैया कराया जा रहा है तथा जरूरी सामान की आपूर्ति की जा रही है।' खराब रास्ते और धन की कमी बचाव एवं राहत कार्यों में बाधा बन रही है और सहायता संगठन देशों से अधिक मदद की अपील कर रहे हैं।
