न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़कर बैनर लगाने और वहीं सगाई करने वाले एक रूसी कपल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों की पहचान 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ और 32 वर्षीय इवान बीर्कुस के रूप में हुई है। दोनों ने इमारत की नुकीली चोटी (स्पायर) पर एक बड़ा बैनर लगाया, जिस पर लिखा था- 'जब प्रेम की ताकत, सत्ता के प्रेम पर भारी पड़ती है, तभी दुनिया में शांति आती है।' यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
1,454 फीट ऊंची चोटी पर हुआ घटनाक्रम
बैनर लगाने के बाद इवान ने घुटनों के बल बैठकर एंजेला को अंगूठी पहनाकर प्रपोज किया। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और किस किया। यह पूरा घटनाक्रम बिल्डिंग की 1,454 फीट (443 मीटर) ऊंची चोटी पर चला। यह कपल दुनिया की कई ऊंची इमारतों पर इसी तरह के खतरनाक स्टंट कर चुका है। इनकी कहानी पर 2024 में 'स्कॉयवाकर्स : ए लव स्टोरी' नाम से एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई गई थी। हालांकि, इस बार दोनों पर सेंधमारी, लापरवाही से लोगों की जान खतरे में डालने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अवैध प्रवेश और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
लोगों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचा
एम्पायर स्टेट बिल्डिंग प्रबंधन ने कहा कि यह पूरी घटना बिना अनुमति हुई, लेकिन इससे इमारत में मौजूद लोगों या पर्यटकों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचा। एक बयान में, एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के प्रवक्ता ने इसे एक 'अनधिकृत घटना' बताया। प्रवक्ता ने कहा कि जोड़े को अपनी सगाई मनाने के लिए बिल्डिंग का $1,000 का 'हैप्पिली एवर एम्पायर प्रपोजल पैकेज' खरीदना चाहिए था। यह साफ नहीं है कि दोनों को एंटीना तक कैसे पहुंच मिली, जो 102 मंजिला इमारत में लोगों की पहुंच वाली जगहों से काफी ऊपर है।
