Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में दोनों ओर से हमले और तेज हो गए हैं। यूक्रेन में एक शॉपिंग मॉल पर हुए रूसी हमले के ठीक एक दिन बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर ताबड़तोड़ मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इन हमलों में दोनों तरफ के कुल 10 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में यूक्रेन में कम से कम 7 लोगों की जान गई है, जबकि यूक्रेन द्वारा रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में किए गए ड्रोन हमले में 3 रूसी नागरिक मारे गए हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच फिर तेज हुए हमले (सांकेतिक फोटो)
कीव में मिसाइल हमले में एक की मौत
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, रात में रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों ने राजधानी कीव में रेलवे से जुड़े ठिकानों पर हमला किया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और एक अन्य घायल हो गया। इसके अलावा, कीव के बाहरी इलाके में एक अन्य मिसाइल हमले में 2 लोगों की जान चली गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने एक लोकोमोटिव डिपो को निशाना बनाया था।
जापोरिजिया में भी भारी हमला
यूक्रेन के जापोरिजिया क्षेत्र में रात के दौरान रूसी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके बाद दिन में हुए एक अन्य हमले में तीन लोगों की मौत और 15 लोग घायल हुए। जेलेंस्की ने बताया कि क्षेत्र की राजधानी जापोरिजिया में एक मिनीबस को भी निशाना बनाया गया, जिसमें तीन लोग घायल हुए।
एक दिन पहले शॉपिंग सेंटर पर हुआ था हमला
रूस ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को मध्य यूक्रेन के क्रिवी रिह (Kryvyi Rih) शहर में एक शॉपिंग सेंटर पर ड्रोन अटैक किया था। क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जबकि करीब 130 लोग घायल हुए हैं। चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि यह ‘डबल-टैप’ हमला था। उनके मुताबिक, पहले ड्रोन से हमला किया गया और जब बचावकर्मी मौके पर पहुंचे तो दूसरा हमला किया गया। हमले के बाद करीब 9,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आग फैल गई थी, जिसे बाद में बुझा दिया गया।
रूस में यूक्रेनी ड्रोन से 3 की मौत
दूसरी ओर, रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमला हुआ। जिसमें तीन लोगों की मौत हुई। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हमले में दो अन्य वयस्क घायल हुए हैं। यूक्रेन पिछले कुछ समय से रूस के अंदर लंबी दूरी के ड्रोन से हमले कर रहा है। इन हमलों में खासतौर पर तेल संयंत्रों और औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है।
रूस की तेल रिफाइनरी को भी बनाया निशाना
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने रूस के समारा क्षेत्र में नोवोकुइबिशेव्स्क (Novokuibyshevsk) तेल रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला किया। यह जगह यूक्रेन के मोर्चे से करीब 1,000 किलोमीटर दूर है। रूसी मीडिया ने भी समारा क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी में आग लगने की खबर दी। स्थानीय अधिकारियों ने एक औद्योगिक प्रतिष्ठान और लॉजिस्टिक्स सेंटर को नुकसान पहुंचने की बात कही। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि नागरिक ठिकानों पर हमले रूस को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन इससे युद्ध की स्थिति पर कोई निर्णायक असर नहीं पड़ेगा और यूक्रेन को इसका कोई रणनीतिक फायदा नहीं मिलेगा।
