रूस-यूक्रेन के बीच तुर्किये के इस्तांबुल में जारी शांति वार्ता में दोनों देश इस बात पर सहमत हो गए हैं कि मारे गए सैनिकों की अदला-बदली की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार रूस और यूक्रेन युद्ध में मारे गए 6000 सैनिकों के शवों की अदला-बदली करेंगे। 16 मई को हुई पिछली दौर की वार्ता के बाद दोनों पक्षों के 1,000 बंदियों की अदला-बदली हुई थी।
रूस यूक्रेन के बीच इस्तांबुल में हुई बातचीत
तुर्किये में आज मिले रूस और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल
रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच सोमवार को तुर्किये में नये दौर की प्रत्यक्ष शांति वार्ता समाप्त हो गई। बैठक एक घंटे से कुछ अधिक समय तक चली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और रूसी सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। जेलेंस्की ने लिथुआनिया के विनियस में कहा कि दोनों पक्षों ने ‘‘तुर्किये के माध्यम से दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया और हम नये सिरे से युद्धबंदियों की अदला-बदली की तैयारी कर रहे हैं।’’
समझौते में तुर्किये की अहम भूमिका
अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने किया जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी व्लादिमीर मेदेंस्की के नेतृत्व में बैठक में शामिल हुआ। तुर्किये के विदेश मंत्री हकन फिदान ने शहर के सिरागन पैलेस में वार्ता की अध्यक्षता की तथा शुरुआती संबोधन दिया। फिदान ने कहा कि वार्ता का उद्देश्य दोनों पक्षों के संघर्षविराम की शर्तों पर चर्चा करना था।
