रूस का एक बेहद शक्तिशाली और परमाणु सक्षम टीयू-22एम3 (Tu-22M3) स्ट्रैटेजिक बॉम्बर (रणनीतिक बमवर्षक विमान) साइबेरिया के इरकुत्स्क क्षेत्र में एक ट्रेनिंग मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह सुपरसोनिक लॉन्ग-रेंज बॉम्बर एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। जब यह हादसा हुआ, उस समय विमान में कोई हथियार या मिसाइल लोड नहीं थी और वह लैंडिंग की तैयारी कर रहा था।
परमाणु सक्षम टीयू-22एम3 (Tu-22M3) स्ट्रैटेजिक बॉम्बर क्रैश।
गनीमत यह रही कि विमान के क्रैश होने से ठीक पहले उसके सभी क्रू मेंबर्स (पायलटों) ने खुद को सुरक्षित इजेक्ट कर लिया। जमीन पर भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। रूसी मीडिया चैनलों पर इस क्रैश का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि विमान जमीन की तरफ तेजी से गोता खाते हुए गिरता है और टकराते ही वहां धुएं का एक बहुत बड़ा गुबार और आग की लपटें उठ जाती हैं।
कई सैन्य अभियानों में Tu-22M3 का किया गया इस्तेमाल
Tu-22M3 एक सुपरसोनिक लंबी दूरी का बमवर्षक विमान है जो रूस के रणनीतिक विमानन बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और वर्षों से कई सैन्य अभियानों में इसका उपयोग किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, विमान इरकुत्स्क क्षेत्र में बेलाया एयरबेस से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्विर्स्क शहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। यह एयरबेस रूस के भारी बमवर्षक विमानों का मुख्य ठिकाना है। रूसी अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के कारण का खुलासा नहीं किया है, और घटना के आसपास की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए एक जांच की उम्मीद है।हाल ही में रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। इस भयावह अटैक में 11 लोगों की मौत हुई जबकि 53 घायल हुए। इसके साथ ही यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित किया गया करीब 1 हजार साल पुराना चर्च भी हमले में तबाह हो गया। हमला देश के दो बड़े शहर - राजधानी कीव और खार्किव पर रात में उस समय हुआ जब लोग सो रहे थे।
