Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर शनिवार रात ड्रोन से हमले किए, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। कीव पर लगातार दूसरी रात हुए हमले में कम से कम 29 लोग घायल हो गए, जिनमें सात बच्चे शामिल हैं। यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको ने कहा कि मारे गए लोगों में 19 वर्षीय लड़की और उसकी 46 वर्षीय मां शामिल हैं।
रूस ने फिर आसमान से गिराए बम (फोटो साभार: AP)
कीव ने 90 रूसी ड्रोन को किया नेस्तनाबूत
रूसी ड्रोन हमले के कारण राजधानी के देस्नियान्स्की जिले में दो रिहायशी इमारतों में आग लग गई। आपातकालीन दल ने नौ मंजिला इमारत और 16 मंजिला इमारत से निवासियों को निकाला। यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने शनिवार रात यूक्रेन पर 101 ड्रोन से हमला किया, जिनमें से 90 को यूक्रेनी बलों ने मार गिराया। हालांकि, ड्रोन से हुए हमलों में चार स्थानों पर नुकसान पहुंचा।
सनद रहे कि रविवार का यह हमला एक दिन पहले रूस द्वारा किए गए एक बड़े मिसाइल और ड्रोन हमले में चार लोगों की मौत के बाद हुआ है, जिसमें राजधानी में दो लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पश्चिमी वायु रक्षा प्रणालियों की फिर से मांग की। कीव पुलिस ने कहा कि शनिवार तड़के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में दो व्यक्तियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।
आपातकालीन सेवा ने ‘टेलीग्राम’ पर लिखा कि एक स्थान पर एक गैर-आवासीय इमारत में आग लग गई, जबकि दूसरे स्थान पर मिसाइलों का मलबा खुले क्षेत्र में गिर गया, जिससे आस-पास की इमारतों की खिड़कियों को नुकसान पहुंचा। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने हमले के दौरान टेलीग्राम पर लिखा, ‘‘राजधानी में विस्फोट। शहर बैलिस्टिक हमले की चपेट में है।’’
