Dagestan Flood: यूक्रेन के साथ पिछले 4 साल से मॉस्को युद्ध लड़ रहा है। इस बीच, रूस के दागिस्तान प्रांत की राजधानी मखाचकाला में कुदरत ने ऐसा कहर बरपाया कि 3 लाख से ज्यादा लोगों पर उसका असर पड़ा। बता दें कि मखाचकाला में भारी बारिश की वजह से इन दिनों हालात काफी नाजुक हैं और बिजली भी ठप हो गई है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
भारी बारिश की तबाही
मखाचकाला में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और बिजली कटौती के बाद प्रशासन ने शनिवार को इमरजेंसी (State of Emergency) घोषित कर दी। शहर प्रशासन ने टेलीग्राम पर बताया कि राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दी जा रही है। साथ ही, आपातकालीन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
दागेस्तान के आपातकालीन मंत्रालय के अनुसार, खराब मौसम के चलते 3.27 लाख से ज्यादा लोग अभी भी बिजली आपूर्ति से वंचित हैं। मंत्रालय ने बताया कि शनिवार दोपहर तक 283 बस्तियों में रहने वाले 3,27,183 लोग बिजली कटौती से प्रभावित हुए, जिनमें करीब 89,705 बच्चे शामिल हैं।
दागेस्तान के प्रमुख सर्गेई मेलिकोव (Sergei Melikov) ने कहा कि प्रशासन ने खराब मौसम के लिए तैयारी की थी, लेकिन हालात पूर्वानुमानों से कहीं ज्यादा बदतर साबित हुए।
रेलवे पुल हुआ क्षतिग्रस्त
वहीं, दागिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर खासाव्युर्ट (Khasavyurt) में भी बाढ़ का असर दिखाई दिया, जहां भारी बारिश के चलते रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसका असर रेल सेवाओं पर दिखाई दिया। अधिकारियों का मानना है कि हालात अभी चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे में पुल की मरम्मत में समय लग सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, नॉर्थ कॉकस रेलवे के खासाव्युर्त-कादियुर्त सेक्शन पर पुल के दो हिस्से ढह गए हैं। पूर्वानुमानों के अनुसार, इस क्षेत्र में रविवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
