Riyadh Airport Attack: भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए बुधवार को एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने नागरिकों से कहा है कि हवाई हमले की स्थिति में वे घरों के अंदर रहें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। यह ताजा परामर्श ऐसे समय में जारी किया गया है जब खाड़ी देश में तनाव बढ़ गया है। दरअसल यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है और इसी को देखते हुए भारतीय दूतावास ने यह सलाह जारी की है।
सऊदी अरब में भारतीय को जारी हुई एडवाइजरी (फोटो साभार- AP)
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से की अपील
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से एक और अपील की है। दूतावास ने कहा है कि मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो या खबरें साझा करने से बचें। किसी भी तरह की अफवाह या असत्यापित जानकारी को आगे न बढ़ाएं। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। पोस्ट में दूतावास ने लिखा, "मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते रहें, हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर रहें और मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो या खबरें प्रसारित करने से बचें।"
10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुआ था हमला
दूतावास ने 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर भी अपडेट दिया। दूतावास के मुताबिक इस हमले में घायल हुए दो भारतीय नागरिक अब भी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं। जबकि एक व्यक्ति को आईसीयू से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मिले PM मोदी, व्यापार और सुरक्षा पर हुई बड़ी चर्चा
हमले में घायल हुए थे कई भारतीय
इसके अलावा चार अन्य भारतीय नागरिक सामान्य वार्ड में उपचाराधीन हैं। उन्हें सामान्य वार्ड में रखा गया है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह अब पूरी तरह से सुरक्षित है।भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास ने सभी भारतीयों से सतर्क रहने और अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
