US News: अमेरिका और ईरान के बीच हाल के हफ्तों में फिर से शुरू हुई भीषण जंग के दौरान मारे गए चार अमेरिकी सैनिकों को पेंटागन ने आधिकारिक ईरान युद्ध में मारे गए सैनिकों की सूची से हटा दिया है। रक्षा विभाग ने इन मौतों को एक नई और अलग श्रेणी में दर्ज कर दिया है। पेंटागन के इस कदम ने युद्ध के मानवीय प्रभाव और हताहतों के सही आंकड़ों को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यह ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप प्रशासन होर्मुज को खोलने के लिए ईरान पर लगातार हवाई हमले कर रहा है। हालांकि, प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अमेरिका में तेजी से अलोकप्रिय हो रहे इस युद्ध को खत्म कैसे किया जाएगा।
ईरान युद्ध में मारे गए सैनिकों का घटाया आंकड़ा (फाइल)
पेंटागन की वेबसाइट पर अचानक घटी मौतों की संख्या
पेंटागन के डिफेंस कैजुअल्टी एनालिसिस सिस्टम (DCAS) ने, जिसे अब तक युद्ध में मौतों और घायलों का आधिकारिक स्रोत माना जाता था, पिछले सप्ताह अपने आंकड़ों में बदलाव किया। रविवार को सिस्टम की वेबसाइट पर “Overseas Operations” नाम की एक नई श्रेणी दिखाई दी। इसमें हालिया झड़पों में मारे गए सेना के 4 जवानों के नाम और 207 घायलों की सूची शामिल की गई।
मंगलवार तक वेबसाइट पर 18 मौतें और 482 घायल दर्ज थे, जो पिछले महीने हुए अस्थायी युद्धविराम के टूटने के बाद की मौतों (जॉर्डन में 3 और इराक में 1) को दर्शाते थे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मंगलवार को ट्रूथ सोशल पर ईरान संघर्ष में 18 मौतों की पुष्टि की थी। लेकिन बुधवार तक यह संख्या घटाकर 14 कर दी गई।
पेंटागन ने बताया 'डेटा गड़बड़ी', पारदर्शता पर उठे सवाल
इस विसंगति पर पेंटागन के प्रेस सचिव जोएल वाल्डेज़ (Joel Valdez) ने सफाई देते हुए कहा कि आंकड़ों में यह गिरावट कोई जानकारी छिपाने की कोशिश नहीं है, बल्कि यह "अस्थाई डेटा व्यवधान" और तकनीकी खराबी के कारण हुआ है, जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा। हालांकि, 7 जुलाई को होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हुए हमलों के बाद जब से दोबारा भीषण बमबारी शुरू हुई है, पेंटागन की ओर से रणनीतिक और हताहतों की जानकारी बेहद कम दी जा रही है। मई की शुरुआत से पेंटागन ने युद्ध पर कोई नियमित प्रेस ब्रिफिंग आयोजित नहीं की है।
