Pakistan News: पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्थानीय प्राइवेट टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट के रूप में काम करने वाली रबिया अहसन की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और हथियार भी बरामद कर लिया है। 'डॉन' अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना रविवार को रावलपिंडी के गुलशनबाद इलाके में स्थित उनके घर पर हुई, जहां रबिया अहसन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
रावलपिंडी में महिला एंकर की हत्या (AI Image)
पति को लिया गया हिरासत में, जांच शुरू
सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखचेरा ने बताया कि मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना में इस्तेमाल हुआ संदिग्ध हथियार भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। CPO सुखचेरा, सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP ऑपरेशंस) और SSP इन्वेस्टिगेशन ने फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ खुद घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस के अनुसार, घर पर काम करने वाले एक पुरुष घरेलू नौकर ने पुलिस को बताया कि मृतका के पति ने दावा किया था कि गोली गलती से चल गई थी।
फोरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम
CPO ने बताया कि पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी (PFSA) की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर रही है और निष्पक्षता के साथ हर पहलू पर जांच की जाएगी।
फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो-जरीदारी ने जताया दुख
इस सनसनीखेज हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो-जरीदारी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है और इस हिंसा की कड़ी निंदा की है। प्रेसीडेंसी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, उन्होंने इस मामले की पूरी, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।
आसिफा भुट्टो-जरीदारी ने इसी महानगर (रावलपिंडी) में एक अन्य पेशेवर महिला की हत्या के परेशान करने वाले पैटर्न पर भी चिंता जताई। उन्होंने अगस्त में रावलपिंडी स्थित अपने आवास पर मृत पाई गईं 45 वर्षीय डिजिटल मीडिया कार्यकारी हिना जावेद की हत्या का जिक्र किया, जिनके शरीर पर प्रताड़ना के निशान मिले थे। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उस मामले की जांच के नतीजे का अभी भी इंतजार है।
