Pakistan TTP: पाकिस्तान में PAK सेना पर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में 9 सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि 20 अन्य घायल हो गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तानी तालिबान का हाथ बताया जा रहा है।
पाकिस्तान में आतंकी हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)
कहां पर हुआ आतंकी हमला
पाक सेना ने कहा कि गुरुवार को पाकिस्तान के अशांत पश्चिमी क्षेत्र में तब नौ सैनिकों की मौत हो गई, जब एक आत्मघाती हमलावर ने अपनी मोटरसाइकिल उनके सैन्य काफिले में घुसा दी और खुद को बम से उड़ा दिया। मिली जानकारी के अनुसार उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के एक आत्मघाती हमलावर ने एक सुरक्षा काफिले को निशाना बनाया, जिसमें नौ सैनिकों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। सेना की मीडिया शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन ने बताया बाइक सवार आत्मघाती हमलावर ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में काफिले को अपना निशाना बनाया। बयान के मुताबिक, हमलावर ने अपनी बाइक काफिले में शामिल बलों के वाहनों से टकरा दी, जिसमें नौ सैनिकों की मौत हो गई और 20 सैनिक घायल हो गए।
टीटीपी ने ली जिम्मेदारी
प्रतिबंधित टीटीपी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हमले के बाद कानून प्रवर्तक तुरंत धमारे वाली जगह पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। बयान के मुताबिक, हमले के अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर ने एक्स पर हमले की निंदा की। उन्होंने इस तरह के कृत्यों को पूरी तरह से निंदनीय बताया और कहा कि उनकी संवेदनाएं मारे गए व घायलों के परिवारों के साथ हैं।
बढ़ गए हैं हमले
दो साल पहले पड़ोसी अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से पाकिस्तान में आतंकवाद में अचानक से वृद्धि देखी गई है। अफगान सीमा से सटे क्षेत्रों में हमले बढ़ गए हैं।
