Pakistan Balochistan Gun Fight: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को कई हमले हुए, जिसमें सेना के मुताबिक कम से कम 33 लोग मारे गए, जिनमें सुरक्षाकर्मी और आम नागरिक दोनों शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि इस हिंसा में 92 आतंकवादी भी मारे गए, जिनमें 'तीन आत्मघाती हमलावर' शामिल थे। यह हिंसा कई जिलों में हुई, जिनमें प्रांतीय राजधानी क्वेटा और बंदरगाह शहर ग्वादर शामिल हैं।
बलूचिस्तान में अलगाववादी हमलों में 15 सैनिक समेत 33 लोगों की मौत
पाकिस्तान दशकों से बलूचिस्तान में अलगाववादी विद्रोह का सामना कर रहा है, जहां अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगे खनिज-समृद्ध प्रांत में सुरक्षा बलों, विदेशी नागरिकों और गैर-स्थानीय लोगों पर अक्सर हमले होते रहते हैं।
किन लोगों को निशाना बनाया गया?
सेना के मीडिया विंग ने एक बयान में कहा कि हमलों में 'अठारह निर्दोष नागरिक' और 15 सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि मारे गए आतंकवादियों की संख्या 92 थी। नागरिकों की मौत को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकीं। बता दें कि बलूच अलगाववादियों ने पहले भी उन नागरिकों को निशाना बनाया है जिन पर राज्य एजेंसियों के साथ सहयोग करने का शक था।इस्लामाबाद में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने इन हमलों को 'तालमेल वाला लेकिन खराब तरीके से किया गया' बताया, और कहा कि वे 'खराब योजना और प्रभावी सुरक्षा प्रतिक्रिया के सामने तेजी से नाकाम हो गए।'
शहबाज शरीफ ने की तारीख
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमलों को नाकाम करने के लिए सुरक्षा बलों की तारीफ की। उन्होंने एक बयान में कहा, 'हम आतंकवाद के पूरी तरह खत्म होने तक उसके खिलाफ जंग जारी रखेंगे।' हालांकि, चार जिलों के पुलिस अधिकारियों ने पहले AFP को बताया था कि स्थिति अभी तक पूरी तरह कंट्रोल में नहीं आई है।
प्रभावित जिलों में मोबाइल फोन सेवाएं जाम हो गईं और ट्रैफिक बाधित हो गया, जबकि पूरे प्रांत में ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं। बता दें कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA), जिसे प्रांत का सबसे एक्टिव मिलिटेंट अलगाववादी ग्रुप बताया जाता है, इसने AFP को भेजे गए एक बयान में हमलों की जिम्मेदारी ली है।
