Imran Khan Arrest News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पूरा मुल्क सुलग रहा है। इमरान के समर्थक सड़क पर हैं और हिंसक प्रदर्शन जारी है। इस बीच इमरान खान ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाते हुए कहा है कि पुलिस कस्टडी में उनकी हत्या की जा सकती है।
इमरान खान
सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान ने अपनी याचिका में हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा है कि गिरफ्तारी के बाद से मुझे 24 घंटे तक वाशरूम तक नहीं जाने दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें इंजेक्शन (स्लो प्वाइजन) देकर मारा जा सकता है। इमरान खान के वकील की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट का आदेश संविधान के अनुच्छेद 10 ए के खिलाफ है ओर NAB के चेयरमैन द्वारा जारी गिरफ्तारी का वारंट अवैध है।
पाकिस्तान में उतारी गई आर्मीइमरान खान की गिरफ्तारी के विरोध में पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। कई सरकारी इमारतों तक को प्रदर्शनकारी निशाना बना रहे हैं। पूरे पाकिस्तान में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है, साथ ही धारा 144 भी लागू है। इस बीच पाकिसतान के पंजाब प्रांत में हालात पुलिस की पकड़ से बाहर चले गए हैं। ऐसे में शहबाज शरीफ सरकार ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंजाब की सड़कों पर आर्मी को उतारा है।
