United Nation: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कर्ज से लेकर आतंकवाद तक का जिक्र किया। भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार द्वारा कश्मीर का मुद्दा उठाने पर तीखा पलटवार करते हुए पाकिस्तान को कर्ज और आतंकवाद में डूबा देश करार दिया, जो बार-बार अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के सामने हाथ फैलाता है।
भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश (फाइल फोटो)
भारत का PAK को करारा जवाब
पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि एक ओर भारत है, जो एक परिपक्व लोकतंत्र, तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था और एक बहुलतावादी समाज है। दूसरी ओर पाकिस्तान है, जो कट्टरता और आतंकवाद में डूबा हुआ और बार-बार आईएमएफ से कर्ज़ लेने वाला देश है। उन्होंने आगे कहा, “जब हम अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा की बात कर रहे हैं तो यह जरूरी है कि आतंकवाद के लिए शून्य सहिष्णुता जैसे बुनियादी सिद्धांतों का पालन किया जाए। यह परिषद के किसी सदस्य को शोभा नहीं देता कि वह उपदेश दे, जबकि वह स्वयं ऐसे आचरण में लिप्त है, जो अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए अस्वीकार्य है।”
इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में खुली बहस की अध्यक्षता कर रहे पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कश्मीर तथा भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का मुद्दा उठाया।
