Pakistan News: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (KP) के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने सोमवार को दावा किया कि लाहौर में अधिकारियों ने उनका अपहरण किया और बाद में उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया। हालांकि, पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बोखारी ने मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अफरीदी खुद पुलिस वाहन में सवार हुए थे। अफरीदी ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले सुरक्षा के बिना सड़क किनारे छोड़ दिया गया और यह एक निर्वाचित प्रांत के मुख्यमंत्री के अपहरण की साजिश थी।
पाकिस्तान में पीटीआई नेताओं पर शिकंजा
बड़ी संख्या में PTI समर्थक पुलिस वाहन के आसपास जमा हो गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस को लगा कि वाहन पर हमला हो सकता है। इसके बाद पुलिस वाहन को कुछ दूरी तक ले जाया गया और बाद में अफरीदी को सड़क किनारे छोड़ दिया गया। KP के सूचना मंत्री शफी जान ने पंजाब पुलिस पर मुख्यमंत्री को जबरन ले जाने का आरोप लगाया और इसे संघीय ढांचे पर हमला बताया। PTI ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे KP की जनता के जनादेश और मुख्यमंत्री की गरिमा का अपमान करार दिया।
अदालत ने पासपोर्ट भी जब्त करने का आदेश दिया
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक आतंकवाद-रोधी अदालत ने सोमवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पर बड़ा कानूनी शिकंजा कसा है। अदालत ने खैबर पख्तूनख्वा (KP) के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहेल अफरीदी और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के 24 अन्य विधायकों-नेताओं के पासपोर्ट तुरंत प्रभाव से ब्लॉक करने का आदेश जारी किया है। पुलिस की अर्जी पर जज का फैसला विशेष जज अबुल हसनात मोहम्मद जुल्करनैन ने इस्लामाबाद पुलिस की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश जारी किया। अदालत ने फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) को अगले आदेश तक इन सभी नेताओं के पासपोर्ट ब्लॉक रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
अदालत में गैरहाजिरी को बताया गया वजह
जांच अधिकारी ने पीठ को बताया कि नामजद आरोपी अदालती कार्यवाहियों से लगातार नदारद चल रहे हैं और अंतरिम जमानत लेने वाले नेताओं ने भी जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया है। पुलिस के मुताबिक इन नेताओं पर सरकारी संस्थानों पर हमले करने और आतंकवाद को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। देश छोड़ने की आशंका: जांच एजेंसी ने अंदेशा जताया कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ये आरोपी विदेश भाग सकते हैं।
किन प्रमुख नेताओं पर गिरी गाज?
अदालत के इस आदेश की जद में मुख्यमंत्री सुहेल अफरीदी के अलावा कई दिग्गज नेता शामिल हैं-
- पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर असद कैसर
- विधायक शहरम खान तरकई, शाह अहमद, शेर अली अरबाब और मोहम्मद इकबाल अफरीदी
- डॉ. अमजद अली, जुनैद अकबर, शाहिद खट्टक, ज़ुबैर वजीर, अरशद उमरजई, जर आलम, मियां उमर और अख्तर खान।
