India Pakistan Tension: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। भारत ने पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध भी लगाए हैं जिसको लेकर पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और रह-रहकर गीदड़भभकी दे रहा है। इस बीच, पाकिस्तान ने अपने आवाम को भारतीय गानों से दूर कर दिया। पाकिस्तान के एफएम रेडियो केंद्रों ने गुरुवार को भारतीय गानों का प्रसारण बंद कर दिया।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (फाइल फोटो)
क्या है पूरा मामला?
यह कदम पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर पाकिस्तान और भारत के बीच पैदा हुए तनाव के बीच उठाया गया है जिसमें 26 लोग मारे गए थे। पाकिस्तान प्रसारण संघ (PBA) के महासचिव शकील मसूद ने कहा, ''पीबीए ने तत्काल प्रभाव से देशभर के पाकिस्तानी एफएम रेडियो केंद्रों से भारतीय गानों का प्रसारण बंद कर दिया है।''
रोजाना बजते थे लता दीदी के गाने
भारतीय गाने, विशेषकर लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश जैसे महान गायकों के गाने पाकिस्तानियों के बीच लोकप्रिय हैं और इन्हें यहां एफएम रेडियो केंद्रों पर प्रतिदिन बजाया जाता है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ता तरार ने पीबीए के निर्णय की सराहना की है। पीबीए को लिखे पत्र में अत्ता तरार ने कहा, ''पीबीए का देशभक्तिपूर्ण कदम अत्यंत सराहनीय है और यह पूरे देश की सामूहिक भावना को दर्शाता है।''
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के एफएम केंद्रों पर भारतीय गानों पर प्रतिबंध लगाना दर्शाता है कि हम सभी ऐसे कठिन समय में राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने और मूल मूल्यों का समर्थन करने के लिए एकजुट हैं।
लाहौर और कराची का एयरस्पेस बंद
पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए मई महीने में कराची और लाहौर एयरस्पेस के कुछ खास हिस्सों को प्रतिदिन चार घंटे के लिए बंद रखने की ऐलान किया गया है और देश के सभी हवाई अड्डों को 'हाई अलर्ट' पर रखा है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून समाचार पत्र ने एक आधिकारिक नोटिस के हवाले से खबर दी, ''संबंधित एयरस्पेस एक मई से 31 मई के बीच स्थानीय समयानुसार प्रतिदिन तड़के 4:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक बंद रहेगा।''
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) ने कहा कि बंद होने से वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन में कोई खास बाधा नहीं आएगी, क्योंकि प्रतिबंधित घंटों के दौरान विमानों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। एयरस्पेस के बारे में यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले ही पाकिस्तान की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ने सुरक्षा कारणों से गिलगित, स्कार्दू और पाक के कब्जे वाले कश्मीर के अन्य उत्तरी क्षेत्रों से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं।
अमेरिका की चौखट पर पहुंचा पाकिस्तान
अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भारत के साथ तनाव को कम करने में मदद करने का आग्रह किया है, क्योंकि वह यूरोप और पश्चिम एशिया में संघर्षों को हल करने का प्रयास कर रहे हैं।
