Mike Waltz : अमेरिकी प्रशासन में बड़ी घटना हुई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) माइक वाल्ट्ज राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद से बाहर हो गए हैं। वाल्ट्ज के अलावा परिषद के अन्य अधिकारियों को भी पद छोड़ना पड़ा है। फॉक्स न्यूज के मुताबिक गुरुवार को वाल्ट्ज और उनके डेप्युटी अलेक्स वांग की छुट्टी कर दी गई। सूत्रों का कहना है कि अन्य स्टाफ कर्मियों को हटाए जाने की घोषणा भी हो सकती है। इस पूरे मामले पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बयान भी दे सकते हैं।
यमन में आतंकियों पर कार्रवाई की बातचीत लीक हुई थी
यमन में आतंकवादियों के खिलाफ हुए हमले के बारे में वाल्ट्ज की रक्षा मंत्री पीट हेगसेठ, सीआईए डाइरेक्टर जॉन रेडक्लिफ सहित राष्ट्रीय सुरक्षा के अधिकारियों के साथ हुई बातचीत लीक हुई थी। इस बातचीत को अटलांटिक मैगजीन के एडिटर जेफरी गोल्डबर्ग ने प्रकाशित कर दिया। गत मार्च में चैट लीक होने के बाद वाल्ट्ज डेमोक्रेट्स के निशाने पर आ गए थे। फ्लोरिडा के पूर्व कांग्रेसमैन वाल्ट्ज सम्मानित ग्रीन बेरेट योद्धा भी रह चुके हैं।
हम मामले की तह तक जाएंगे-वाल्ट्ज
रिपोर्ट के मुताबिक वाल्ट्ज ने इस चैट ग्रुप में एक पत्रकार को शामिल करने की बात मानी। फॉक्स न्यूज की लौरा इंग्राहम के साथ बातचीत में वाल्ट्ज ने कहा कि वह इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। इस ग्रुप को उन्होंने बनाया था और यह शर्मसार करने वाला है। हम इस मामले की तह में जाएंगे।
