देश

'किसी को नहीं बख्शेंगे, चुन-चुनकर लिया जाएगा बदला'; पहलगाम हमले पर अमित शाह की PAK को चेतावनी

Pahalgam Terror Attack: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर एक बात स्पष्ट कर दी कि किसी भी आतंकवादी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जिन लोगों ने यह कृत्य किया है उन लोगों को निश्चित रूप से दंड दिया जाएगा।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो साभार: @AmitShah)

Photo : Twitter

Pahalgam Terror Attack: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर एक बात स्पष्ट कर दी कि किसी भी आतंकवादी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खात्मे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

क्या कुछ बोले अमित शाह

उन्होंने कहा कि पहलगाम में जिस किसी ने भी यह कायरतापूर्ण हमला किया है, हम किसी को भी नहीं छोड़ेंगे। हम हर दोषी को ढूंढ निकालेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चल रही है और 1990 के दशक से कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ मजबूती से लड़ा जा रहा है।

अमित शाह ने कहा कि आज वो ये न समझ लें कि हमारे 26 नागरिकों की जान लेकर ये लड़ाई जीत गए हैं... मैं सभी आतंक फैलाने वालों को कहना चाहता हूं कि ये लड़ाई का अंत नहीं है... एक मुकाम है और हर व्यक्ति को चुन-चुन कर जवाब भी मिलेगा और जवाब लिया भी जाएगा। आतंकवाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि यह खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता।

आतंक के खिलाफ पूरी दुनिया एकजुट

उन्होंने कहा कि अगर कोई कायराना हमला करके यह समझता है कि हमारी बहुत बड़ी जीत है तो वह समझ लें कि नरेंद्र मोदी सरकार किसी को नहीं बख्शेगी। इस जमीन की इंच-इंच जमीन से आतंकवाद को उखाड़ फेंकना का हमारा संकल्प है और यह पूरा होकर रहेगा।

पहलगाम हमले को लेकर शाह ने कहा कि इस लड़ाई में न केवल 140 करोड़ भारतीय बल्कि पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है, लामबंद होकर सभी देश आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में भारत की जनता के साथ खड़े हैं। जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा हमारी लड़ाई जारी रहेगी और जिन लोगों ने ये कृत्य किया है, उसका उचित दंड उन्हें निश्चित रूप से दिया जाएगा।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने घाटी में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया और आतंकवादियों के मददगारों को भी हिरासत में लिया। साथ ही गृह मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी, जो हर पहलू को खंगाल रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article