Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। ऐसे में एनआईए के महानिदेशक (DG) सदानंद दाते ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया जहां आतंकवादियों ने निहत्थे लोगों को निशाना बनाकर घाटी को खून से लाल कर दिया। एनआईए के डीजी घटनास्थल पर 3 घंटे मौजूद रहे और बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की।
NIA के DG ने CRPF संग की बैठक
इस दौरान एनआईए के डीजी सदानंद दाते ने सीआरपीएफ के अफसरों के साथ बैठक भी की और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। बता दें कि एनआईए की टीमें घटनास्थल का दौरा कर आतंकियों के हमले के तरीके से जुड़ी जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि एनआईए की टीमें आतंकियों के हमले के तरीके और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए इलाके की बारीकी से जांच कर रही हैं।
बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले को कश्मीर घाटी के सबसे भयानक आतंकी हमलों में से एक माना जा रहा है। एनआईए की टीमें उन चश्मदीदों से पूछताछ कर रही हैं, जिन्होंने इस खौफनाक मंजर को अपनी आंखों से देखा था।

सुरक्षा व्यवस्था संभालते सुरक्षाकर्मी
आतंकी हमले की जांच कर रही NIA
एनआईए के एक आईजी, एक डीआईजी और एक एसपी की निगरानी में पहलगाम आतंकी हमले की जांच चल रही है। एनआईए की टीमें आतंकियों के प्रवेश और एग्जिट प्वाइंट्स की जांच कर रही हैं, ताकि यह समझने में आसानी हो कि आतंकी कैसे आए और कहां से भागे।
पहलगाम में हुए हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। भारत ने पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं जिनमें सिंघु जल समझौता निलंबन, पाकिस्तानी विमानों के लिए भारतीय एयरस्पेस को बंद करना, अटारी बॉर्डर से पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजना इत्यादि शामिल है।
