Afghanistan Pakistan War: डूरंड लाइन पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध शुरू हुए पांच दिन बीत गए हैं लेकिन हमलों का जवाब देने में किसी देश ने नरमी नहीं दिखाई है। दोनों देशों ने एक दूसरे को पोस्ट को निशाना बनाकर हमले किए हैं। इससे इलाके में तनाव काफी बढ़ गया है। उधर, ईरान और अमेरिका-इजरायल की जंग ने पश्चिम एशिया को पहले ही अस्थिरता की तरफ धकेल दिया है। हालांकि, रिपोर्टों में कहा गया है कि पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के बीच हमले की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है लेकिन हमले रोकने और बातचीत की टेबल पर आने के लिए अभी दोनों देश तैयार नहीं हैं।
डूरंड लाइन पर पाकिस्तान-अफगानिस्तान में जारी है जंग।
2600 किलोमीटर लंबी सीमा डूरंड लाइन पर हमले
दोनों तरफ से ये हमले करीब 2600 किलोमीटर लंबी सीमा डूरंड लाइन पर हो रहे हैं। हाल के वर्षों दोनों देशों के बीच यह सबसे हिंसक संघर्ष है। कुछ दिनों पहले पाकिस्तान ने कथित रूप से आतंकवादियों ठिकानों को निशाना बनाते हुए अफगानिस्तान में हवाई हमले किए। इन हमलों में निर्दोष नागरिक मारे गए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की फौज ने सीमा पर पाकिस्तानी चौकियों पर हमले किए। इन हमलों में कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। तालिबान ने पाक की कई चौकियों पर कब्जा करने का भी दावा किया। तब से दोनों देशों के बीच वार-पलटवार का दौर जारी है।
पाक का आरोप-अफगानिस्तान से आकर हमले करता है टीटीपी
पाकिस्तान का दावा है कि तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) अफगानिस्तान से आकर उसकी फौज एवं सुरक्षाबलों पर हमले करता है। पाक का आरोप है कि टीटीपी को अफगानिस्तान में पनाह मिलती है। हालांकि, पाक के आरोपों को तालिबान की सरकार खारिज करती आई है। तालिबान का कहना है कि टीटीपी उसके यहां से गतिविधियां नहीं चलाता।
हमले में नष्ट किया पाक का टैंक
गत सोमवार को तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने उसकती तरफ अंधाधुंध फायरिंग की जिसके बाद अफगान बलों ने पकतिका प्रांत में पाकिस्तान के एक सैन्य टैंक को हमले में नष्ट कर दिया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह खोवाराज्मी ने कहा कि उनके सुरक्षाबलों ने अब तक 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को ढेर किया है और 25 से ज्यादा पोस्ट अपने कब्जे में लिए हैं।
बगराम एयरबेस पर पाक ने की हमले की कोशिश
अफगान पुलिस ने रविवार को कहा कि पाकिस्तानी जेट्स ने रविवार रात बगराम एयर बेस पर हमले की कोशिश की लेकिन उन्होंने रूस निर्मित एंटी-एयरक्राफ्ट गन ZU-23 से हमला कर उन्हें भागने के लिए मजबूर कर दिया। बरगाम एयरबेस काबुल के उत्तर में है। अफगानिस्तान में यह एयर बेस यूएस एवं नाटो बलों के लिए सबसे बड़ा सैन्य ठिकाना था।
पाक-अफगानिस्तान को विभाजित करती है डूरंड लाइन
डूरंड लाइन एक कल्पित रेखा है जिसे उपनिवेश काल में अंग्रेजों ने खींच दी। यह मान लिया गया कि डूरंड लाइन के एक तरह पाकिस्तान और दूसरी तरफ अफगानिस्तान होगा। यह रेखा भारत चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा जिसे एलएसी कहा जाता है, उसी तरह की है। डूरंड लाइन की लंबाई की अगर बात करें तो यह काफी लंबी है। इसकी लंबाई 2,611 किलोमीटर है। यह पाकिस्तान के उस उत्तरी हिस्से से गुजरती है जहां पर पश्तून आबादी बहुत ज्यादा है। डूरंड लाइन के इस बंटवारे ने पश्तूनों को दो हिस्से में तो बांट दिया लेकिन सरहद की ये दूरी उन्हें अलग नहीं कर पाई। दो अलग देशों में रहते हुए इनका रिश्ता कभी खत्म नहीं हुआ। एक दूसरे के यहां इनकी रिश्तेदारियां हैं और इनका आज भी एक-दूसरे के यहां आना-जाना होता है। डूरंड लाइन को पाकिस्तान तो मानता है लेकिन अफगानिस्तान और वहां के लोग इसे कभी औपचारिक सीमा रेखा नहीं माना।
