Landslide in Papua New Guinea: पापुआ न्यू गिनी में शुक्रवार को आए भूस्खलन ने जबरदस्त कहर मचाया है। 2000 से अधिक लोग भूस्खतन के दौरान जिंदा दफन हो गए। पापुआ न्यू गिनी सरकार ने कहा कि शुक्रवार को हुए भूस्खलन में 2,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है। राहत व बचाव का काम जोर-शोर से जारी है।
पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन
ये भी पढ़ें- मौसम का डबल अटैक: उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी की मार, तो बंगाल में रेमल ने फैलाई दहशत, जानिए बड़ी बातें
2000 लोग जिंदा दफन
पापुआ न्यू गिनी राष्ट्रीय आपदा केंद्र ने कहा कि देश के उत्तरी भाग के एक दूरदराज के गांव में शुक्रवार को हुए भूस्खलन में 2,000 से अधिक लोग दब गए। राष्ट्रीय आपदा केंद्र के एक अधिकारी ने संयुक्त राष्ट्र को लिखे एक पत्र में कहा कि भूस्खलन में 2,000 से अधिक लोग जिंदा दफन हो गए और इमारतों, खाद्य उद्यानों को बड़ा नुकसान हुआ और देश की आर्थिक जीवन रेखा पर बड़ा प्रभाव पड़ा।
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने पापुआ न्यू गिनी में बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन से 670 लोगों की मौत होने की आशंका जताई थी। सरकार का आंकड़ा संयुक्त राष्ट्र की इस एजेंसी के आंकड़ों से करीब तिगुना है। संयुक्त राष्ट्र के स्थानीय समन्वयक को रविवार को लिखे गए एक पत्र में दक्षिण प्रशांत द्वीप राष्ट्र के राष्ट्रीय आपदा केंद्र के कार्यवाहक निदेशक ने कहा कि भूस्खलन में 2000 से अधिक लोग जिंदा दफन हो गए और बड़ा विनाश हुआ।
कई टन मलबे में सैकड़ों ग्रामीण दबे
भूस्खलन के बाद से हताहत हुए लोगों की संख्या का अनुमान व्यापक रूप से अलग-अलग है और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अधिकारियों ने पीड़ितों की संख्या कैसे गिनी। ऑस्ट्रेलिया ने पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन स्थल पर मदद के लिए विमान और अन्य उपकरण भेजने की सोमवार को तैयारी की। पापुआ न्यू गिनी के पहाड़ी इलाकों में रात भर हुई बारिश के बाद यह आशंका पैदा हो गई है कि जिस कई टन मलबे में सैकड़ों ग्रामीण दबे हैं, वह खतरनाक रूप से अस्थिर हो सकता है।
ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने कहा कि उनके अधिकारी शुक्रवार से पापुआ न्यू गिनी के अपने समकक्षों के साथ बात कर रहे हैं। देश की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में एंगा प्रांत में शुक्रवार को भूस्खलन हुआ था। इस भूस्खलन में मारे गए छह लोगों के शव बरामद हुए हैं।
